By एकता | May 04, 2025
पिछले महीने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति है। इस बीच, पाकिस्तान के राजदूत ने रूस में भारत को खुलेआम परमाणु हमले की धमकी दी है। मुहम्मद खालिद जमाली ने कहा कि अगर नई दिल्ली पड़ोसी देश पर हमला करता है तो इस्लामाबाद परमाणु हथियारों सहित अपनी पूरी ताकत का इस्तेमाल करेगा।
जमाली ने कहा, 'जब भारत और पाकिस्तान की बात आती है, तो हम संख्यात्मक ताकत की इस बहस में शामिल नहीं होना चाहते। हम अपनी पूरी ताकत का इस्तेमाल करेंगे - पारंपरिक और परमाणु दोनों तरह की ताकत।' उन्होंने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान के लोगों द्वारा समर्थित सशस्त्र बल पूरी ताकत के साथ जवाब देंगे।
इससे पहले, पाकिस्तान के मंत्री हनीफ अब्बासी ने खुले तौर पर भारत को परमाणु जवाबी कार्रवाई की धमकी दी थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि पाकिस्तान के शस्त्रागार, जिसमें घोरी, शाहीन और गजनवी मिसाइलों के साथ-साथ 130 परमाणु हथियार शामिल हैं, को केवल भारत के लिए रखा गया है।
बुधवार को देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के एक अन्य मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया कि उनके देश को 'विश्वसनीय खुफिया जानकारी' मिली है, जो संकेत देती है कि भारत अगले 24 से 36 घंटों के भीतर सैन्य हमला कर सकता है।
Hindi me international news के लिए जुड़ें प्रभासाक्षी से