पाकिस्तान ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए राष्ट्रीय लैंगिक नीति रूपरेखा की शुरुआत की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 09, 2022

इस्लामाबाद| पाकिस्तान ने मंगलवार को देश की राष्ट्रीय लैंगिक नीति रूपरेखा की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य देश में महिलाओं को सशक्त बनाना और सार्वजनिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना है।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुरू की गई रूपरेखा, योजना, विकास और विशेष पहल मंत्रालय द्वारा तैयार की गई तथा विभाग के मंत्री असद उमर ने यहां संवाददाता सम्मेलन में इसका अनावरण किया।

उमर ने कहा, ‘‘इस प्रारूप का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से महिलाओं को समृद्ध और प्रगति के लिए समान अवसर प्रदान करना है।’’

उमर ने रूपरेखा के अनावरण के दौरान लैंगिक समानता सुनिश्चित करने के लिए कानून के क्रियान्वयन की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई व्यक्ति सुरक्षित महसूस नहीं करता है तो वह अपनी क्षमता के अनुसार काम नहीं कर सकता है।’’

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना एक महत्वपूर्ण लक्ष्य है और इस दिशा में तेजी से काम होना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पूरे देश में मनाया गया। रावलपिंडी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण सफलता की कुंजी है।

खान ने कहा, ‘‘हमारा देश तब तक आगे नहीं बढ़ सकता जब तक महिलाएं शिक्षित नहीं होंगी। अभिभावकों को अपनी बेटियों को स्कूलों में भेजना चाहिए।’’

विदेश कार्यालय ने इस अवसर पर एक बयान में दुनिया भर की उन महिलाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनके कार्यों, बलिदान और प्रयासों ने मानव जाति के लिए प्रगति और सभी के लिए बेहतर भविष्य बनाना संभव बनाया है।

प्रमुख खबरें

सुंदर नगरी Firing Case में दो आरोपी गिरफ्तार, Delhi Police ने बरामद की पिस्टल

राहुल-सोनिया के सामने Priyanka Gandhi ने खोला बचपन का राज, याद किया स्कूल का पुराना किस्सा

आखिर क्यों हर साल Jhiri Village पहुंचते हैं हजारों श्रद्धालु? जानें 500 साल पुराने मेले की कहानी

RK Pachauri Sexual Harassment Case: Delhi High Court ने रद्द की आंतरिक समिति की जांच रिपोर्ट