By रेनू तिवारी | May 14, 2025
पाकिस्तानी रेंजर्स की हिरासत में रहे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान को बुधवार को सुरक्षित वापस भारत को सौंप दिया गया। बीएसएफ जवान पीके शॉ ने पिछले महीने अनजाने में सीमा पार कर ली थी और उसे पाकिस्तानी रेंजर्स ने हिरासत में ले लिया था। बीएसएफ की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, "आज बीएसएफ जवान पूर्णम कुमार शॉ, जो 23 अप्रैल 2025 से पाकिस्तान रेंजर्स की हिरासत में था, को लगभग 1030 बजे संयुक्त चेक पोस्ट अटारी, अमृतसर के माध्यम से भारत को सौंप दिया गया। यह हस्तांतरण शांतिपूर्ण तरीके से और स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया।"
इससे पहले पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा पकड़े गए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) कांस्टेबल पूर्णम कुमार साहू की पत्नी रजनी साहू ने रविवार को कहा था कि उन्होंने पति की रिहाई में हस्तक्षेप की अपील करने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की मांग की थी। रजनी ने उम्मीद जताई कि ममता के इसमें शामिल होने से प्रक्रिया में तेजी आ सकती है। पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में तैनात साहू (40) 23 अप्रैल को अनजाने में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गए और बाद में उन्हें पाकिस्तान रेंजर्स ने हिरासत में ले लिया था।