Makkah Pact: सऊदी अरब पर हूती हमलों के खिलाफ एक हुए Pakistan और तुर्किये

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

पाकिस्तान की राजधानी में शुक्रवार को त्रिपक्षीय मक्का रक्षा गठबंधन के शीर्ष अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें क्षेत्रीय सुरक्षा की बदलती स्थिति की समीक्षा की गई और यमन के ईरान समर्थित हूती मिलिशिया द्वारा सऊदी अरब पर किए जा रहे ‘‘लगातार और जघन्य’’ हमलों की निंदा की गई। पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये ने अगस्त में मक्का रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

यह समझौता सामूहिक प्रतिरोध का ढांचा तैयार करता है और इसमें प्रावधान है कि तीनों देशों में से किसी एक पर सशस्त्र हमला सभी पर हमला माना जाएगा। गठबंधन के सर्वोच्च निर्णय लेने वाले निकाय रणनीतिक राजनीतिक एवं रक्षा समिति (एसपीडीसी) के तीसरे सत्र की बैठक इस्लामाबाद में हुई। इस अवसर पर शहर को तुर्किये, पाकिस्तान और सऊदी अरब के झंडों से सजाया गया था।

‘डॉन’ की खबर के अनुसार दो घंटे से अधिक समय तक चली बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा कि तीनों देशों ने सामूहिक रक्षा, आपसी एकजुटता तथा संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान सहित समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, ‘‘समिति ने क्षेत्रीय सुरक्षा की बदलती स्थिति की समीक्षा की और शांति, सुरक्षा एवं स्थिरता के लिए सामूहिक रूप से काम जारी रखने के तीनों देशों के संकल्प की पुष्टि की।’’ उन्होंने कहा कि समिति ने मक्का रक्षा गठबंधन की पिछली बैठक में लिये गए फैसलों को लागू करने की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा भी की। तीनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों तथा शीर्ष सैन्य अधिकारियों वाली इस समिति की पिछली दो बैठकें इस्तांबुल और रियाद में हुई थीं।

डार ने कहा कि तीनों देशों ने आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग और समन्वय बढ़ाने के लिए विचार-विमर्श जारी रखने तथा क्षेत्रीय तनाव कम करने के प्रयासों का समर्थन करने और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान को प्रोत्साहित करने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि तीनों देशों ने यमन के हूतियों द्वारा सऊदी अरब में आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर किए जा रहे ‘‘लगातार और जघन्य’’ हमलों की निंदा की। उन्होंने समझौते में शामिल ‘‘सामूहिक रक्षा प्रावधानों’’ के तहत सऊदी अरब की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए प्रयास जारी रखने के अपने ‘‘सामूहिक संकल्प’’ को दोहराया।

डार ने कहा कि तीनों देशों ने रक्षा उद्योगों, संयुक्त तकनीकी विकास, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने का भी संकल्प लिया, ताकि उनकी सशस्त्र सेनाओं की सामूहिक क्षमताओं और एकजुटता को बढ़ाया जा सके, आपसी सुरक्षा चिंताओं से निपटा जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा में योगदान दिया जा सके। इससे पहले, शहबाज शरीफ सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बैठक में तीनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों के साथ वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी शामिल हुए। अधिकारी ने कहा, ‘‘बैठक का एजेंडा समझौते को व्यावहारिक रूप से लागू करने पर केंद्रित था।

इसमें मानक संचालन प्रक्रियाएं, राजनीतिक, रक्षा और सैन्य संस्थानों के बीच समन्वय तंत्र, खुफिया जानकारी साझा करना और वायु रक्षा में सहयोग के साथ-साथ हूती संघर्ष और सऊदी अरब को निशाना बनाकर किए जा रहे हमले शामिल थे।’’ उन्होंने कहा कि बाद में एक संयुक्त बयान जारी किए जाने की उम्मीद है। संघीय सरकार ने उच्चस्तरीय बैठक के मद्देनजर शुक्रवार को इस्लामाबाद में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया और आवाजाही पर विशेष पाबंदियां लगायी। रावलपिंडी में भी स्थानीय अवकाश घोषित किया गया।

रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बृहस्पतिवार को कहा था कि सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के विदेश एवं रक्षा मंत्री बैठक में शामिल होंगे। आसिफ ने इस बैठक को ‘‘बहुत महत्वपूर्ण’’ बताते हुए कहा था कि ‘‘सऊदी अरब के दक्षिण में जारी उथल-पुथल जाहिर तौर पर बैठक के एजेंडे में होगा।’’ ‘डॉन’ ने आसिफ के हवाले से कहा, ‘‘समझौते के अनुसार सऊदी अरब के लिए कोई भी खतरा पाकिस्तान और तुर्किये के लिए भी खतरा है। यह बिल्कुल स्पष्ट है।’’ इससे एक दिन पहले पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री सह विदेश मंत्री इशाक डार ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर बात की थी और व्यापक क्षेत्रीय स्थिति तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया था।

प्रमुख खबरें

Adani Group का पूंजीगत व्यय 41 प्रतिशत बढ़कर 2.2 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान

संसद में Delimitation Bill पर घमासान, जानिए महिला आरक्षण से जुड़ा पूरा विवाद

Trump Officials के सैन्य ठिकानों में रहने पर US Lawmakers ने Pentagon से मांगा खर्च का हिसाब

पूर्व BSP विधायक Mohammad Iqbal की 995 करोड़ की संपत्ति जब्ती का आदेश इलाहाबाद हाईकोर्ट ने किया रद्द