LOC पर भारतीय सैनिकों द्वारा कथित रूप से संघर्षविराम उल्लंघन पर पाक ने भारतीय उप उच्चायुक्त को किया तलब

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 12, 2019

इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों द्वारा कथित रूप से संघर्षविराम उल्लंघन की ‘स्थिति अप्रत्याशित ढंग से बिगाड़ने’ को लेकर शुक्रवार को भारत के उप उच्चायुक्त गौरव अहलूवालिया को तलब किया। पाकिस्तान का कहना है कि संघर्ष विराम उल्लंघन से एक लड़के की मौत हो गयी और 16 अन्य नागरिक घायल हो गये। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि महानिदेशक (दक्षिण एशिया एवं दक्षेस) मोहम्मद फैसल ने अहलूवालिया को तलब किया और नियंत्रण रेखा पर शारदा, नेजापीर, सतवाल एवं बागसार सेक्टरों में दस अक्टूबर को बिना किसी उकसावे के भारतीय सुरक्षाबलों द्वारा किये गये संघर्षविराम उल्लंघन की ‘निंदा’ की। 

फैसल ने कहा कि शारदा सेक्टर में बिना किसी उकसावे के भारतीय सेना द्वारा की गयी अंधाधुंध गोलीबारी में दस साल के एक लड़के की मौत हो गयी तथा छह बच्चों एवं दो महिलाओं समेत 16 अन्य घायल हो गये। इसके अलावा नेजापीर में भी दो नागिरक, सतवाल में एक बच्चे एवं एक महिला समेत तीन तथा बागसार सेक्टर में एक नागरिक संघर्षविराम उल्लंघन में घायल हो गया। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘ नियंत्रण रेखा एवं कामकाजी सीमा पर भारतीय सैन्यबल आर्टिलरी, भारी मोर्टार और स्वचालित हथियारों से रिहायशी क्षेत्रों को लगातार निशाना बना रहे हैं। भारत द्वारा यह अप्रत्याशित संघर्षविराम उल्लंघन 2017 से चल रहा है । उस साल भारतीय सशस्त्र बलों ने 1970 बार उल्लंघन किया था।’’

इसे भी पढ़ें: कश्मीर पर एकतरफा तस्वीर दिखा रहा है अमेरिकी मीडिया: भारतीय राजदूत

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता फैसल ने कहा , ‘‘ भारत द्वारा संघर्षविराम उल्लंघन क्षेत्रीय शांति एवं सुरक्षा के लिए खतरा है तथा यह सामरिक रूप से गलत आकलन साबित हो सकता है।’’ पाकिस्तान ने भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा कथित रूप से किये गये संघर्षविराम उल्लंघन को लेकर पिछले हफ्ते भी अहलूवालिया को तलब किया था।

प्रमुख खबरें

Tata Motors का Vision 2031: 12 लाख Vehicle Sales, 6 लाख करोड़ रेवेन्यू का लक्ष्य तय

Amazon CEO Andy Jassy की फडणवीस से मुलाकात, Maharashtra में निवेश और AI पर बड़ा फोकस

Iran के Nuclear Program पर लगेगी लगाम? US संग डील के बाद IAEA करेगा यूरेनियम भंडार की जांच

Bihar AI Policy से Migration नहीं, Innovation Hub बनेगा राज्य, मंत्री नीतीश मिश्रा का बयान