By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026
स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त दर्ज की गई। विदेशी निवेशकों की लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच सेंसेक्स और निफ्टी मामूली तेजी के साथ बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 31.61 अंक यानी 0.04 प्रतिशत चढ़कर 81,911.01 अंक पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान यह 82,325.61 अंक के ऊपरी स्तर तक गया और 81,576.15 अंक के निचले स्तर तक आया। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 44.30 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,299.35 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक और इटर्नल के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही।
दूसरी तरफ, हिंदुस्तान यूनिलीवर, मारुति, पावर ग्रिड और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर गिरावट में रहे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 12,563.33 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.44 प्रतिशत गिरकर 92.50 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू शेयर बाजार में कारोबार लगभग स्थिर रहा। वित्तीय और रियल्टी शेयरों में खरीदारी ने सूचना प्रौद्योगिकी, दैनिक उपभोग के सामान और वाहन कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली के असर को संतुलित किया। विदेशी निवेशकों की मजबूत लिवाली से बाजार को सहारा मिला।’’ नायर ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से अर्थव्यवस्था को राहत मिली, लेकिन वैश्विक प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उतार-चढ़ाव और अमेरिका में महंगाई के ऊंचे आंकड़ों के कारण वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल और ब्याज दरों को लेकर चिंता बनी रही।
इससे बाजार में व्यापक तेजी सीमित रही। व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.25 प्रतिशत चढ़ गया जबकि छोटी कंपनियों के स्मॉलकैप में 1.09 प्रतिशत की तेजी रही। क्षेत्रवार सूचकांकों में रियल्टी खंड में सर्वाधिक 4.79 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई जबकि बीमा खंड में 2.90 प्रतिशत, पीएसयू बैंक में 1.40 प्रतिशत और वित्तीय सेवा खंड में 1.31 प्रतिशत की तेजी रही।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘विदेशी निवेशकों की तरफ से बड़े पैमाने पर लिवाली का सिलसिला जारी रहने से बाजार को समर्थन मिला। नवंबर महीने में अब तक विदेशी निवेशक करीब 6.43 अरब डॉलर की खरीदारी कर चुके हैं। कच्चे तेल का भाव 93 डॉलर प्रति बैरल के करीब होने के बावजूद एशियाई बाजारों में कमजोरी का माहौल रहा।’’ एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए।
यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार के दौरान तेजी का रुख था। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 772.75 अंक बढ़त के साथ 81,879.40 अंक और निफ्टी 210.40 अंक चढ़कर 25,255.05 अंक पर बंद हुआ था, जो करीब नौ महीने का उच्चतम स्तर था।