Pakistan ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, कुपवाड़ा, उरी और अखनूर में LOC पर गोलीबारी, भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की

By रितिका कमठान | May 01, 2025

पाकिस्तान की सेना लगातार सातवें दिन भी कुपवाड़ा, उरी और अखनूर सेक्टरों में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर गोलाबारी जारी रखे हुए है। बिना किसी उकसावे के भी पाकिस्तान की सेना ने छोटे हथियारों से गोलीबारी की है। इस गोलीबारी का भारतीय सेना ने भी उचित जवाब दिया है। 30 अप्रैल से एक मई 2025 की रात के दौरान भी पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में कुपवाड़ा, उरी और अखनूर के सामने नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी।

 

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्त्वाल ने कहा, ‘‘भारतीय सेना ने भी इसका उचित जवाब दिया।’’ इससे पहले मंगलवार को भारत ने जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर अकारण गोलीबारी के बाद संघर्ष विराम उल्लंघन को लेकर पाकिस्तान को चेतावनी दी थी। यह चेतावनी हाल ही में पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद बढ़ते तनाव के बीच भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच हॉटलाइन पर बातचीत के दौरान आई।

 

पाकिस्तानी सेना गुरुवार रात से नियंत्रण रेखा पर विभिन्न स्थानों पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर रही है। यह गोलीबारी पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित करने के कुछ ही समय बाद की गई थी, जिसमें 26 लोग मारे गए थे।

 

25 फरवरी, 2021 को भारतीय और पाकिस्तानी सेनाओं ने 2003 के युद्धविराम समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी बंद करने पर सहमति व्यक्त की। पिछले सप्ताह तक युद्ध विराम का आमतौर पर सम्मान किया जाता रहा था। पाकिस्तान द्वारा बार-बार संघर्ष विराम उल्लंघन से बढ़ते तनाव के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों ने बंकरों का नवीनीकरण शुरू कर दिया है।

 

भूमिगत बंकर, जिन्हें ‘मोदी बंकर’ कहा जाता है, अंतर्राष्ट्रीय सीमा (आईबी) और नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन के दौरान सीमा निवासियों के लिए महत्वपूर्ण आश्रय के रूप में काम करते हैं। 25 और 26 अप्रैल को कश्मीर और जम्मू क्षेत्र में कई स्थानों पर बिना उकसावे के गोलीबारी की खबरें आईं। 27 अप्रैल को भी तुतमार गली और रामपुर सेक्टर में गोलीबारी जारी रही।

 

28 अप्रैल को पाकिस्तानी सेना ने पुंछ और कुपवाड़ा सेक्टर में गोलीबारी की। अगले दिन 29 अप्रैल को अखनूर के परगवाल सेक्टर में चेनाब पोस्ट पर गोलीबारी की गई। 30 अप्रैल को भी आक्रामकता जारी रही, तथा पाकिस्तानी सेना ने बारामुल्ला और कुपवाड़ा जिलों के साथ-साथ परगवाल सेक्टर में भारतीय चौकियों को निशाना बनाया।

प्रमुख खबरें

जापान को पछाड़ भारत बना चौथी आर्थिक शक्ति, Rahul के dead economy वाले बयान पर BJP का पलटवार

Ram Lalla Pran Pratishtha की दूसरी वर्षगांठ: PM Modi बोले - यह हमारी आस्था का दिव्य उत्सव

Sabudana For Glowing Skin: नए साल पर पाएं बेदाग निखरी त्वचा, साबूदाना फेस पैक से घर बैठे पाएं चांद सा चेहरा

New Year पर सीमा पार से घुसपैठ की हर कोशिश होगी नाकाम, Jammu Border पर मुस्तैद BSF