टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में प्रबल दावेदार पाकिस्तान की भिड़ंत आस्ट्रेलिया से होगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 10, 2021

दुबई। पाकिस्तान की टीम अपने दूसरे खिताब की ओर बढ़ती नजर आ रही है लेकिन गुरुवार को यहां टी20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी राह आसान नहीं होगी क्योंकि आरोन फिंच की टीम ने सही समय पर लय हासिल कर ली है। विश्व टी20 2016 के पहले दौर में बाहर होने के बाद पाकिस्तान ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया है। बाबर आजम की अगुआई वाला 2009 का चैंपियन पाकिस्तान मौजूदा टूर्नामेंट की एकमात्र टीम है जिसे अब तक शिकस्त का सामना नहीं करना पड़ा है।

इसे भी पढ़ें: कमला नेहरू अस्पताल से लगातार मिल रहे है परिजनों को शव, सरकार छुपा रही है आंकड़े

बाबर और मोहम्मद रिजवान की सलामी जोड़ी अगर विफल रहती है तो पाकिस्तान के पास मध्यक्रम में कई मैच विजेता हैं जिसमें लंबे छक्के जड़ने वाले आसिफ अली और अनुभवी शोएब मलिक और मोहम्मद हफीज सभी लय में हैं। टीम को हालांकि फखर जमां से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो एकमात्र बल्लेबाज हैं जो अब तक नाकाम रहे हैं। पाकिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण ने भी काफी प्रभावित किया है। तेज गेंदबाजों शाहीन शाह अफरीदी और हारिस राउफ ने विरोधी बल्लेबाजों को परेशान किया है लेकिन हसन अली उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। बाबर को आस्ट्रेलिया के खिलाफ हसन से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। इमाद वसीम, मोहम्मद हफीज और शादाब खान आस्ट्रेलिया के खिलाफ स्पिन विभाग में कप्तान बाबर के मुख्य हथियार होंगे। स्पिन के खिलाफ आस्ट्रेलिया को कई मौकों पर परेशानी का सामना करना पड़ा है। दूसरी तरफ 2010 का उपविजेता आस्ट्रेलिया सही समय पर अपना शीर्ष खेल दिखा रहा है और वह यहां खिताब जीतकर आईसीसी के उस टूर्नामेंट को भी जीतना चाहेगा जिसे अब तक नहीं जीत पाया है। इंग्लैंड के खिलाफ आठ विकेट की शिकस्त के अलावा फिंच की अगुआई वाली टीम ने अपने बाकी सभी मुकाबलों में दबदबा बनाते हुए जीत दर्ज की है और दक्षिण अफ्रीका को पछाड़कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। आस्ट्रेलिया के पास जोश हेजलवुड, मिशेल स्टार्क और पैट कमिंस की मौजूदगी वाला बेहद मजबूत तेज गेंदबाजी आक्रमण है जबकि बीच के ओवरों में लेग स्पिनर एडम जंपा ने शानदार प्रदर्शन किया है जो मौजूदा टूर्नामेंट के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल और मिशेल मार्श ने टीम को गेंद से सफलताएं दिलाई है और उसके पास बायें हाथ के स्पिनर एश्टन एगर को खिलाने का विकल्प भी होगा। डेविड वार्नर की फॉर्म में वापसी से आस्ट्रेलिया को मजबूती मिली है। टूर्नामेंट से पहले खराब फॉर्म से जूझ रहे वार्नर दो अर्धशतक जड़ चुके हैं जिसमें पिछले मैच में नाबाद 89 रन की पारी भी शामिल है। वार्नर और फिंच की सलामी जोड़ी किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने में सक्षम है। तीसरे नंबर पर मार्श अच्छी फॉर्म में हैं। जल्दी विकेट गंवाने की स्थिति में भरोसेमंद स्टीव स्मिथ पर पारी को स्थिरता देने का दारोमदार होगा। उनका स्ट्राइक रेट हालांकि उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों का पलड़ा भारी रहा है और ऐसे में टॉस एक बार फिर अहम भूमिका निभाएगा। टीमें इस प्रकार हैं: आस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), एश्टन एगर, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, जोश इंगलिस, मिशेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, केन रिचर्डसन, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, मिशेल स्वेपसन, मैथ्यू वेड, डेविड वार्नर और एडम जम्पा। पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान, आसिफ अली, फखर जमां, हैदर अली, हारिस राउफ, हसन अली, इमाद वसीम, मोहम्मद हफीज, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम जूनियर, सरफराज अहमद, शाहीन शाह अफरीदी और शोएब मलिक। समय: मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

Rishabh Pant की Delhi Capitals में वापसी पर AB de Villiers बोले- यह बिल्कुल भी चौंकाने वाला नहीं था

Tazmin Brits के शतक का तूफान, South Africa की बड़ी जीत ने बदला Semifinal का पूरा समीकरण

England में Kiwi बल्लेबाजों का कहर, 96 साल पुराना Test Record तोड़ रचा नया इतिहास

FIFA World Cup 2026 में गोलों की बौछार, Lionel Messi की Golden Boot की दावेदारी हुई मजबूत