India-Pakistan Conflict | पश्चिमी सीमा पर पाकिस्तानी हमलों को प्रभावी ढंग से विफल किया गया, भारतीय सेना ने की पाकिस्तानी हमलों की पुष्टि

By रेनू तिवारी | May 09, 2025

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा 26 लोगों की हत्या के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है, जिनमें से ज्यादातर नागरिक थे। पहलगाम हत्याकांड का जोरदार जवाब देते हुए भारतीय सशस्त्र बलों ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) आतंकी समूह के गढ़ बहावलपुर सहित आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। भारत ने गुरुवार रात को जम्मू, पठानकोट, उधमपुर और कुछ अन्य स्थानों पर मिसाइलों और ड्रोन से सैन्य ठिकानों पर हमला करने की पाकिस्तानी सेना की कोशिश को नाकाम कर दिया, क्योंकि व्यापक सैन्य संघर्ष की आशंकाओं के बीच दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।

इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान ने भारत पर ड्रोन हमले में अपनी भूमिका से इनकार किया, आरोपों को आधारहीन बताया

 

अखनूर, सांबा, बारामुल्ला और कुपवाड़ा और कई अन्य स्थानों पर सायरन बजने और कई विस्फोटों की सूचना मिली, क्योंकि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के साथ सीमा पर रात में बड़े पैमाने पर हवाई निगरानी की।

भारतीय सेना ने शुक्रवार को बताया कि पाकिस्तान के सशस्त्र बलों ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात को पूरी पश्चिमी सीमा पर ड्रोन और अन्य हथियारों का इस्तेमाल करते हुए कई हमले किये जिन्हें ‘‘प्रभावी ढंग से विफल’’ कर दिया गया। भारतीय सेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करके बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर ‘‘संघर्ष विराम समझौते का कई बार उल्लंघन’’ किया। इस पोस्ट के साथ एक छोटा वीडियो क्लिप भी साझा किया गया है। सेना ने कहा कि सभी नापाक इरादों का बलपूर्वक जवाब दिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: India Pakistan Tension | बीएसएफ ने जम्मू कश्मीर के सांबा में घुसपैठ के बड़े प्रयास को नाकाम किया

सेना ने लिखा, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ - पाकिस्तानी सशस्त्र बलों ने आठ और नौ मई 2025 की दरम्यानी रात को पूरी पश्चिमी सीमा पर ड्रोन और अन्य हथियारों का उपयोग करके कई हमले किए। पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का भी कई बार उल्लंघन किया।’’ भारतीय सेना ने कहा कि ड्रोन हमलों को ‘‘प्रभावी ढंग से विफल’’ किया गया और संघर्ष विराम उल्लंघन का ‘‘मुंहतोड़ जवाब’’ दिया गया।

उसने कहा, ‘‘भारतीय सेना राष्ट्र की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सभी नापाक मंसूबों का बलपूर्वक जवाब दिया जाएगा।’’ यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब भारतीय सशस्त्र बलों ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और पाकिस्तान में बुधवार को नौ आतंकवादी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए थे।

रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा था कि भारत में सैन्य अड्डों पर किसी भी हमले का “उचित जवाब” दिया जाएगा। रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार देर रात जारी बयान में कहा, ‘‘आज जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइलों द्वारा जम्मू, पठानकोट और उधमपुर में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। स्थापित मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुरूप ‘काइनेटिक’ और ‘नॉन-काइटनेटिक’ क्षमताओं का उपयोग करके खतरों को तेजी से निष्प्रभावी कर दिया गया।

प्रमुख खबरें

Bengal-Bihar Border पर Police टीम पर फायरिंग, जवाबी Encounter में मारा गया रेप का आरोपी

दिवाली के बाद 371 पहुंचा Delhi AQI, धुंध के बीच AAP-BJP में छिड़ा घमासान

Mumbai के आरे में मंदिर सुरक्षा गार्ड को धमकाने और तोड़फोड़ पर दो गिरफ्तार

Star Classification खारिज तो Bar License रिन्यू नहीं होगा, Kerala High Court में रुख साफ