पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में एक जवान शहीद, चार सैनिक जख्मी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 03, 2018

जम्मू। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू- कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के निकट अग्रिम चौकियों को आज निशाना बनाया एवं मोर्टार दागे जिसमें थलसेना का एक जवान शहीद हो गया जबकि एक लेफ्टिनेंट सहित चार अन्य सैनिक घायल हो गए। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि आज सुबह कृष्णा घाटी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने सीमा पार से गोलाबारी शुरू कर दी और यह दो घंटे से अधिक समय तक जारी रही जिसमें एक अधिकारी सहित पांच सैनिक घायल हो गए। बाद में एक घायल सैनिक ने सैन्य अस्पताल में दम तोड़ दिया।

 

मृत जवान की पहचान 20 वर्षीय सिपाही मुस्तापुरे शुभम सूर्यकांत के रूप में हुई जो महाराष्ट्र के परभनी जिले के कोनेरवाडी गांव के रहने वाले हैं। उनके परिवार में उनकी मां सुनीता हैं। रक्षा प्रवक्ता कर्नल एन एन जोशी ने कहा, ‘‘राष्ट्र उनके त्याग और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए उनका हमेशा ऋणी रहेगा।’’ ।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों में एक लेफ्टिनेंट और दो जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) शामिल हैं और उन्हें विशेष इलाज के लिए उधमपुर जिले के कमांड अस्पताल ले जाया गया है।कर्नल जोशी ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने सुबह सात बजे से छोटे, स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी की और मोर्टार दागे।

 

उन्होंने बताया, ‘‘भारतीय सेना ने इसका मजबूती, प्रभावी और उचित तरीके से जवाब दिया।’’ यह लगातार तीसरा दिन है जब पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और पुंछ एवं राजौरी दोनों जिलों में अग्रिम चौकियों एवं गांवों को निशाना बनाया। हालांकि, गोलीबारी के कारण नियंत्रण रेखा पार व्यापार पर किसी तरह का प्रभाव नहीं पड़ा। यह व्यापार पुंछ जिले के चाकन दा बाग और बारामूला जिले में उरी सेक्टर के सलामाबाद में एक सप्ताह में चार दिन मंगलवार से शुक्रवार के बीच होता है। अधिकारी ने बताया कि सीमा पर दोनों तरफ से दर्जनों ट्रकों की आवाजाही हुई है।हालिया मौतों के साथ ही इस साल नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की गोलीबारी में मरने वालों की कुल संख्या बढ़ कर 27 हो गयी है। पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रणरेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस साल650 से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है।

 

प्रमुख खबरें

कांग्रेस का घोषणापत्र लागू हुआ तो भारतीय अर्थव्यवस्था ‘दुर्बल पांच’ में आ जाएगी: Sitharaman

ठाणे में इमारत में आग लगने से 20 बिजली मीटर नष्ट हुए, कोई हताहत नहीं

Poonch Attack: आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान दूसरे दिन भी जारी

Maharashtra के सांगली में एहतियात के तौर उतरा गया सेना का हेलीकॉप्टर, कोई हताहत नहीं