By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 28, 2017
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा, बसपा की पिछली सरकारों ने प्रदेश को भ्रष्टाचार व कुशासन के गर्त में ढकेल दिया था, लेकिन योगी सरकार ने मात्र आठ महीने के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश की दशा और दिशा बदलने के लिये महत्वपूर्ण फैसले लिये हैं। पाण्डेय ने कहा कि नगरीय निकाय का चुनाव जनता के अस्तित्व का चुनाव है, आपको सुशासन एवं विकास की धारा से जुड़ने के लिये भाजपा को जिताना होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने यह बात झींझक (कानपुर देहात) तथा महौली (सीतापुर) के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुये कही। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के कारण नगरीय निकायों की स्थिति बद से बदतर हो गई है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में नगरीय निकायों में विश्व स्तरीय सुविधायें प्रदान करने तथा भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प लिया है, जिसे वह पूरा करेगी अब आप सबकी जिम्मेदारी है कि अपने प्रत्याशी को जिताये तथा प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के सपने को साकार करें।