By अभिनय आकाश | Feb 14, 2022
यूक्रेन को लेकर रूस और पश्चिम के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक कारोबार पर भी दिखने लगा है। भारतीय शेयर बाजारों में आज गिरावट आई। सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1,500 अंक से अधिक टूटकर 57,000 अंक के स्तर से नीचे आ गया। निवेशकों को 5 मिनट में 6.65 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 458.20 अंक के नुकसान से 16,916.55 अंक पर कारोबार कर रहा था। एमसीएक्स पर आज सोना करीब तीन महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
कच्चे तेल के दाम में उछाल
एशियाई शेयर बाजार आज मजबूत दबाव में थे, जबकि कच्चे तेल ने लाभ बढ़ाया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का भाव 100 डॉलर प्रति बैरल की दहलीज पर पहुंच गया है। सोमवार को कच्चे तेल के दाम में 1.2 फीसदी का उछाल आया है। रूस द्वारा यूक्रेन पर संभावित आक्रमण के डर से सोमवार को तेल की कीमतें 7 साल से अधिक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं।
बाजार में हो रही भारी बिकवाली
दुनिया भर के बाजारों में भारी बिकवाली देखी जा रही है। इसका असर सोमवार को घरेलू बाजार में भी देखने को मिला। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,540.85 अंक के नुकसान से 56,612.07 अंक पर आ गया। सेंसेक्स के शेयरों में सभी नुकसान में थे। एसबीआई, टाटा स्टील और इंडसइंड बैंक शुरुआती कारोबार में चार प्रतिशत से अधिक टूट गए। विश्लेषकों ने कहा कि अन्य एशियाई बाजारों के नकारात्मक रुख के बीच घरेलू बाजार भी भारी गिरावट के साथ खुले।
US सुरक्षा सलाहकार के बयान के बाद बाजार फिसले
यूएस के सुरक्षा सलाहकार के बयान के बाद बाजार फिसले हैं। जेक सुलेवन ने व्हाइट हाउस में मीडिया को संबोधित किया। यूक्रेन बॉर्डर पर रूस की सेना के आगे बढ़ने के संकेत हैं। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने कहा कि यूक्रेन में रूस द्वारा अब किसी भी दिन एक बड़ी सैन्य कार्रवाई शुरू की जा सकती है। साथ ही कहा कि यह "मिसाइलों और बम हमलों के एक महत्वपूर्ण बैराज के साथ शुरू हो सकता है और निर्दोष नागरिक मारे जा सकते हैं।