Parliament Budget Session: राष्ट्रपति ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियाँ, PM ने विपक्ष पर किया जोरदार कटाक्ष

By नीरज कुमार दुबे | Jan 31, 2024

संसद के बजट सत्र की आज से शुरुआत हो गयी। वर्तमान लोकसभा का यह अंतिम सत्र है इसलिए देखना होगा कि मोदी सरकार इस दौरान किन महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित करवा कर चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करती है। इस सत्र में अंतरिम बजट भी पेश होना है। अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जो बजट पेश करेंगी उसके बारे में माना जा रहा है कि इसके माध्यम से मतदाताओं को लुभाने के कई बड़े प्रयास किये जाएंगे। इसके अलावा, बजट सत्र की शुरुआत में जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर हमला बोला उससे यह भी साफ हो गया कि सरकार पूरी तरह चुनावी मोड़ में आ चुकी है।

इसे भी पढ़ें: Budget Session 2024 से पहले PM Modi का आया बयान, कहा- आदतन लोकतंत्र का चीरहरण करते हैं लोग

दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन की बात करें तो उन्होंने सत्र की शुरुआत से पहले संसद परिसर में मीडिया से चर्चा के दौरान विपक्षी दलों पर हमला करते हुए कहा कि आदतन हुड़दंग करना जिनका स्वभाव बन गया है और जो आदतन लोकतांत्रिक मूल्यों का चीरहरण करते हैं, ऐसे सभी सांसदों को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि हुड़दंग, नकारात्मकता और शरारतपूर्ण व्यवहार करने वालों को लोकतंत्रप्रेमी याद नहीं रखेंगे और उनके लिए यह बजट सत्र पश्चाताप का भी अवसर है। खास बात यह रही कि अपने संबोधन की शुरुआत और समापन प्रधानमंत्री ने ‘राम-राम’ से की। उन्होंने कहा कि जब चुनाव का समय निकट होता है तो आम तौर पर पूर्ण बजट नहीं रखा जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नयी सरकार बनने के बाद उनके नेतृत्व में सरकार पूर्ण बजट लेकर आएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नए संसद भवन में जो पहला सत्र हुआ था उसके आखिर में नारी शक्ति वंदन विधेयक पारित हुआ तथा उसके बाद 26 जनवरी को भी देश ने कर्तव्य पथ पर नारी शक्ति के सामर्थ्य, शौर्य और संकल्पशक्ति को अनुभव किया। उन्होंने कहा कि आज बजट सत्र आरंभ हो रहा है जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मार्गदर्शन मिलेगा और बृहस्पतिवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा अंतरिम बजट पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक प्रकार से यह नारी शक्ति के साक्षात्कार का पर्व है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गत 10 वर्षों में जिसको जो रास्ता सूझा, उस आधार पर सबने संसद में अपना-अपना कार्य किया। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मैं इतना जरूर कहूंगा कि जिनका आदतन हुड़दंग करने का स्वभाव बन गया है, जो आदतन लोकतांत्रिक मूल्यों का चीरहरण करते हैं, ऐसे सभी सांसद आज जब आखिरी सत्र में मिल रहे हैं तो यह आत्मनिरीक्षण जरूर करें कि 10 साल में उन्होंने जो किया, वह उनके संसदीय क्षेत्र में भी किसी को याद नहीं होगा कि उन्होंने इतना हुड़दंग मचाया।’’ मोदी ने कहा कि जिन्होंने उत्तम विचारों से सदन को लाभान्वित किया होगा, उनको बहुत बड़ा वर्ग आज भी याद करता होगा। उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले दिनों में भी जब सदन की चर्चाएं कोई देखेगा, तो उनका एक एक शब्द इतिहास की तारीख बनकर उजागर होगा।’’ 

हम आपको बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले एक फरवरी को अंतरिम बजट पेश करेंगी। नयी सरकार कार्यभार संभालने के बाद पूर्ण बजट पेश करेगी। इस सत्र का समापन नौ फरवरी को होना प्रस्तावित है।

प्रमुख खबरें

Team India के Head Coach Gautam Gambhir का 45वां जन्मदिन, दो बार देश को बनाया World Cup चैंपियन

14 October 2026 Stock Market Updates | आईटी शेयरों में खरीदारी से सेंसेक्स सपाट खुला, निफ्टी 22,700 के स्तर पर टिका

Gaurav Khanna Return To TV | गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की जोड़ी जल्द मचाएगी धमाल, नए टीज़र ने बढ़ाई टीवी पर वापसी की उत्सुकता

Bihar Ganga Accident | बिहार के वैशाली में बड़ा हादसा! गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत, पीएम मोदी और डिप्टी सीएम ने की मुआवजे की घोषणा