Parliament Diary: अडानी-सोरोस मुद्दे पर बीजेपी-कांग्रेस में टकराव, नहीं चल सके दोनों सदन

By अंकित सिंह | Dec 10, 2024

संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है। हालांकि, शीतकालीन सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच संग्राम जबरदस्त तरीके से देखने को मिल रहा है। इस संग्राम की वजह से दोनों सदनों की कार्यवाही नियमित नहीं चल पा रही है। आज भी सोरोस और अडानी मुद्दे पर दोनों सदनों में हंगामा हुआ जिसकी वजह से दोनों सदनों के कार्यवाही को दिन भर के लिए स्थगित करना पड़ा। राज्यसभा में मंगलवार को पूर्व विदेश मंत्री एस एम कृष्णा के निधन पर शोक वयक्त किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे कृष्णा का सोमवार को देर रात बेंगलुरू स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। विपक्षी गठबंधन (इंडिया) के कई घटक दलों के सांसदों ने अदाणी समूह से जुड़े मुद्दे पर मंगलवार को काले रंगे के झोले लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

दोपहर 12 बजे सदन की बैठक पुन: शुरू होने पर पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने आवश्यक कागजात सदन के पटल पर प्रस्तुत कराए। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने ‘वाणिज्य पोत परिवहन विधेयक, 2024’ हंगामे के बीच ही प्रस्तुत किया। सैकिया ने विपक्ष के सदस्यों से कार्यवाही चलने देने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘आपके कारण सदन नहीं चल रहा, ऐसा संदेश नहीं जाना चाहिए।’’ संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा, ‘‘आपके शर्मनाक व्यवहार की वजह से सदन की गरिमा को ठेस पहुंची है, इसके लिए आपको माफी मांगनी चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अमेरिकी कारोबारी जॉर्ज सोरोस और देश विरोधी ताकतों से क्या रिश्ते हैं, पता चलना चाहिए और इसके लिए विपक्षी दल को सदन में माफी मांगनी चाहिए।

राज्यसभा की कार्यवाही

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों ने जगदीप धनखड़ को उपराष्ट्रपति पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस मंगलवार को सौंप दिया। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने संसद परिसर में संवाददाताओं को बताया कि करीब 60 सांसदों के हस्ताक्षर वाला नोटिस राज्यसभा सभापति के सचिवालय को दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि विपक्षी दलों ने नोटिस देने के लिए अगस्त में ही जरूरी संख्या में हस्ताक्षर ले लिए थे, लेकिन वे आगे नहीं बढ़े क्योंकि उन्होंने धनखड़ को ‘‘एक और मौका देने’’ का फैसला किया था, लेकिन सोमवार के उनके आचरण को देखते हुए विपक्ष ने इस पर आगे बढ़ने का फैसला किया।

इसे भी पढ़ें: उन्हें बस तमाशा करना है और फिर छुट्टियों का आनंद लेने विदेश जाना है...राहुल गांधी पर किरेन रिजिजू का तंज

राज्यसभा में मंगलवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष ने सोरोस और अदाणी के मुद्दों पर जोरदार हंगामा किया, जिसके बाद उच्च सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सदस्यों ने कांग्रेस तथा उसके नेताओं पर विदेशी संगठनों और लोगों के माध्यम से देश की सरकार तथा अर्थव्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिश का आरोप लगाया और इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग करते हुए हंगामा किया। कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष ने अदाणी समूह से जुड़ा मुद्दा उठाते हुए इस पर चर्चा कराने की मांग की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। 

प्रमुख खबरें

Trump के चहेते कैंडि‍डेट्स की करारी हार, SIR पर सवाल उठाने वाली प्रमिला समेत इन भारतवंशियों ने किया कमाल

अगरतला नगर निगम चुनाव: Tripura Congress ने 49 वार्डों में उतारे प्रत्याशी, CPM पर लगाया यह आरोप

Bihar में नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 46,549 किलो Ganja और हेरोइन पकड़ी

जकार्ता में 20,000 से अधिक Indonesian Troops की तैनाती, राष्ट्रपति फोन टैपिंग मामले में जांच जारी