By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने कहा है कि ‘सैंडपेपरगेट’ से संबंधित सवालों पर पैट कमिंस का जवाब नहीं देने का फैसला भारत के आगामी दौरे में ‘बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी’ के दौरान बड़ा मुद्दा बन सकता है। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय मीडिया और विरोधी टीम को ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को असहज करने का मौका मिलेगा। कमिंस ने हाल में 70 मिनट की प्रेस कांफ्रेंस में 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान हुए विवादित ‘गेंद से छेड़छाड़’ मामले को लेकर अपना पक्ष और उससे जुड़ी यादें साझा की थीं।
हालांकि न्यू साउथ वेल्स के इस तेज गेंदबाज ने बाद में साफ कर दिया था कि वह इस विवाद पर आगे कोई सवाल नहीं लेंगे। हेडन ने जियोस्टार से बातचीत में कहा, ‘‘पैट कमिंस ने मूल रूप से उस्मान ख्वाजा को मुश्किल में डाल दिया है। उन्होंने अपनी दोस्ती से जुड़े बेहद निजी मुद्दों को उठाया है।
उन्होंने उस दोस्ती को कितनी सहजता से लिया गया। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘कमिंस पहले ही कह चुके हैं कि मैं डेढ़ घंटे तक इन सवालों के जवाब दूंगा, लेकिन इसके बाद इस मामले पर किसी सवाल का जवाब नहीं दूंगा। इसका सीधा मतलब है कि जब वह बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारत आएंगे तो ‘सैंडपेपरगेट’ (2018 के केपटाउन टेस्ट में रेंगमाल की मदद से गेंद से छेड़छाड़ का मामला) को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब नहीं देंगे।
हालांकि ऐसा सोचना भी मुश्किल है कि भारत में उनसे इस बारे में सवाल नहीं पूछे जाएंगे। ’’ हेडन ने माना कि इस पूरे विवाद ने ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम को प्रभावित किया है और विरोधी टीम इस मुद्दे के जरिए खिलाड़ियों पर दबाव बना सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘यह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट ड्रेसिंग रूम के लिए एक बड़ा संवेदनशील मुद्दा है।
अगर आप वास्तव में ऑस्ट्रेलियाई टीम को असहज करना चाहते हैं तो इस मुद्दे को लगातार उठाते रहिए। इसकी प्रतिक्रिया तुरंत देखने को मिलेगी और जवाब होगा कि मैं इस सवाल का जवाब नहीं दूंगा। ’’ हेडन का मानना है कि ‘गेंद से छेड़छाड़’ के विवाद की सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए और प्रत्येक खिलाड़ी को अपना पक्ष रखने का मौका मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘चाहे यह प्रक्रिया क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के जरिए हो या किसी स्वतंत्र जांच एजेंसी के माध्यम से, हमें कुछ खास सवाल पूछने होंगे। यह भी देखना होगा कि क्या आगे जांच की जरूरत है। इसके बाद स्पष्ट दायरे और सभी के लिए निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ना चाहिए।
’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी किसी को लेनी होगी। जब तक ईमानदारी और भरोसे को लेकर सवाल बने रहेंगे, तब तक सुलह संभव नहीं है। यह कल्पना से परे है कि क्रिकेट इस स्थिति तक भी नहीं पहुंच सकता, जहां वह कम से कम इस मामले की गंभीरता को थोड़ा और बेहतर तरीके से समझ सके।
’’ हेडन ने विवाद का जल्द समाधान निकालने के लिए इस मुद्दे पर खुलकर चर्चा करने की भी वकालत की। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी प्रक्रिया बनाई जानी चाहिए जिसमें न केवल मौजूदा खिलाड़ियों को, बल्कि उस सीरीज में शामिल रहे और अब संन्यास ले चुके खिलाड़ियों डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा को भी आधिकारिक तौर पर अपना पक्ष रखने का मौका मिले। इसके अलावा तीन अन्य खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने इस मामले में उनका समर्थन किया है।
उन्हें भी अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए। ’’ हेडन ने कहा, ‘‘जब तक इस मामले पर चर्चा और जांच का रास्ता खुला रहेगा, तब तक अविश्वास की स्थिति बनी रहेगी।