By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 31, 2023
मथीशा पथिराना का स्लिंग शॉट गेंदबाजी एक्शन लसिथ मलिंका की याद दिलाता है लेकिन उनके बचपन के कोच बिलाल फासी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी इस तरह की गेंदबाजी शैली स्वाभाविक है। मलिंगा जैसे एक्शन की वजह से पथिराना को श्रीलंका में पॉडी (लिटिल) मलिंगा और चेन्नई सुपर किंग्स टीम में बेबी मलिंगा बुलाते हैं। फासी ने पीटीआई से कहा ,‘‘ उसके एक्शन को देखकर कई लोगों को लगता है कि उसने मलिंगा की नकल की है। पथिराना ने मलिंगा के मार्गदर्शन में अभ्यास भी किया है। लेकिन वह पहले ही दिन मेरे पास आया तो उसका एक्शन ऐसा ही था। हमने बस इस पर काम किया है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ वह स्वाभाविक तौर पर तेज गेंदबाज है। उसे रफ्तार के लिये काफी प्रयास नहीं करने पड़ते।
चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजी कोच दक्षिण अफ्रीका के एरिक सिमंस ने कहा ,‘‘ मैं पिछले दो आईपीएल सत्र में पथिराना के साथ काम कर चुका हूं। उसमें गजब का सुधार आया है। वह तेजी से सीख रहा है। ’’ उन्होने कहा ,‘‘ उसने कुछ समय पहले ही शीर्ष स्तर पर खेलना शुरू किया है। टी20 क्रिकेट में डैथ ओवरों में उसने शानदार गेंदबाजी की है। मेरा मानना है कि वह श्रीलंका और सीएसके के लिये लंबे समय तक खेलेगा।