By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026
पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास पक्षियों के विमानों से टकराने की घटनाओं को रोकने और उड़ानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्यावरण प्रबंधन समिति ने लेजर और तेज रोशनी के इस्तेमाल पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने, खुले में संचालित मांस-मछली की दुकानों को हटाने तथा स्वच्छता अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में हवाई अड्डे के आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरण प्रबंधन और विमानन सुरक्षा से जुड़े सभी निर्देशों का निर्धारित समयसीमा के भीतर पालन करने को कहा गया। प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विवाह समारोह स्थलों के संचालकों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत हवाई अड्डे के निर्धारित क्षेत्रों में लेजर लाइट, तेज प्रकाश और डीजे के इस्तेमाल पर लगाए गए प्रतिबंधों के बारे में जागरूक करें।
बयान में कहा गया कि संबंधित थानों के प्रभारियों को इन प्रतिबंधों का सख्ती से पालन कराने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। समिति ने स्थानीय निकाय के अधिकारियों को गर्दनीबाग मुख्य मार्ग और चितकोहरा गोलंबर के आसपास खुले में संचालित मांस-मछली की दुकानों को हटाने का निर्देश दिया। अधिकारियों के अनुसार, इन दुकानों से निकलने वाला कचरा पक्षियों को आकर्षित करता है, जिससे उनके विमानों से टकराने का खतरा बढ़ जाता है।
ऐसी दुकानों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने और निगरानी रखने को भी कहा गया है। बैठक में हवाई अड्डे के 10 किलोमीटर के दायरे में कचरे के निस्तारण की व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को गर्दनीबाग स्थित कचरा संग्रह केंद्र को दूसरी जगह स्थानांतरित करने और हवाई अड्डे से फुलवारी रेलवे स्टेशन तक के मार्ग पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बयान के अनुसार, अधिकारियों को स्थिति की समय-समय पर समीक्षा करने को कहा गया है। हटाई गई दुकानों को दोबारा लगाने वालों की पहचान कर बीएनएसएस के संबंधित प्रावधानों के तहत उनसे बंधपत्र भरवाने सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने नगर निगम को आवारा कुत्तों के प्रबंधन की व्यवस्था मजबूत करने, बिहार राज्य सड़क विकास निगम को सर्पेंटाइन नाले को ढकने का शेष कार्य पूरा करने और वन विभाग को हवाई अड्डे के आसपास चिह्नित क्षेत्रों से सूखे ताड़ के पेड़ हटाने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को बैठक में लिए गए निर्णयों का निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। आयुक्त ने हवाई अड्डे के आसपास स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने पर जोर दिया। बैठक में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों, पटना के नगर आयुक्त यशपाल मीणा और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।