By अभिनय आकाश | Nov 17, 2026
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को मनीला में हुई 'क्वाड' नेताओं की बैठक के चार प्रमुख नतीजों की पुष्टि की। इस उच्च-स्तरीय बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेता शामिल हुए, जिसमें आर्थिक सहयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, समुद्री सुरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इन चार नतीजों में 'क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम', 'सुपर इंटेलिजेंस एक्सेलेरेटर', 'मैरीटाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग कॉरपोरेशन' और 'क्वाड साइबर सुरक्षा इंटेलिजेंस-शेयरिंग सहयोग' शामिल हैं। नेताओं को संबोधित करते हुए, ट्रंप ने चार देशों के इस समूह के बढ़ते महत्व पर जोर दिया और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने, सुपर इंटेलिजेंस को आगे बढ़ाने तथा समुद्री सहयोग को बढ़ाने के लिए नई पहल की घोषणा की। इन चार देशों के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करते हुए, उन्होंने इन्हें "एक स्वतंत्र, खुले, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के चार कोने" बताया। उन्होंने कहा कि ये देश क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा और कूटनीति के मामलों में आपस में मिलकर काम करते हैं। आर्थिक सहयोग के मोर्चे पर, ट्रम्प ने घोषणा की कि चारों देशों के बीच व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करने के लिए अगले साल पहली बार 'क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम' आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा, "अगले साल, हम पहली बार 'क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम' का आयोजन करेंगे, ताकि हमारे आर्थिक सहयोग को एक नए स्तर पर ले जाया जा सके।
उन्होंने महत्वपूर्ण खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स) के क्षेत्र में सहयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि चारों देशों ने अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं (सप्लाई चेन) को सुरक्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण नए समझौते किए हैं, ताकि वे किसी एक विदेशी आपूर्तिकर्ता के दबाव या मनमानी का शिकार न हों। ट्रम्प ने कहा हमने अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण नए खनिज समझौते किए हैं, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हमारा कोई भी देश किसी एक विदेशी आपूर्तिकर्ता के दबाव में न आए।" उभरती हुई तकनीकों के संदर्भ में ट्रम्प ने सुपरइंटेलिजेंस (SI) को औद्योगिक क्रांति के बाद से आर्थिक विकास का सबसे बड़ा अवसर बताया और एक नए 'क्वाड SI एक्सेलेरेटर' को शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा, "क्वाड देशों ने मिलकर एक नया क्वाड SI एक्सेलेरेटर लॉन्च किया है। हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भरोसेमंद SI इकोसिस्टम तक पहुंच बढ़ाने के लिए 85 मिलियन डॉलर से अधिक का निवेश कर रहे हैं, और इसके परिणाम बहुत शानदार आ रहे हैं।" इस क्षेत्र में सहयोग के महत्व पर जोर देते हुए ट्रम्प ने कहा हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि इस महत्वपूर्ण तकनीक के भविष्य पर उन देशों का प्रभाव हो, जो हमारे मूल्यों और साझा हितों को मानते हैं। हम चाहते हैं कि यह तकनीक अपने सर्वोत्तम रूप में विकसित हो।
समुद्री सुरक्षा के मोर्चे पर, क्वाड (Quad) हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री जागरूकता और निगरानी को मजबूत करने के लिए 'मैरीटाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग कॉर्पोरेशन' (समुद्री खुफिया जानकारी साझा करने वाले सहयोग) को आगे बढ़ा सकता है। ट्रम्प ने हाल ही में जापान के पास क्वाड देशों द्वारा आयोजित 30वें वार्षिक 'मालाबार' संयुक्त नौसैनिक अभ्यास का जिक्र किया, जिसमें उनके नाविकों ने पनडुब्बी-रोधी (anti-submarine) और सतह-रोधी (anti-surface) युद्ध अभ्यास पूरे किए। उन्होंने कहा, "आज के समय में पनडुब्बी-रोधी क्षमता बहुत महत्वपूर्ण है। हम लंबे समय से सतह-रोधी युद्ध अभ्यास करते आ रहे हैं, लेकिन अब पनडुब्बी-रोधी क्षमता और भी ज्यादा अहम हो गई है।" एक और रक्षा पहल की घोषणा करते हुए ट्रम्प ने कहा, "आज हम यह भी घोषणा कर रहे हैं कि क्वाड हमारे समुद्री गश्ती विमानों (maritime patrol aircraft) के साथ एक अभ्यास करेगा, क्योंकि हम अपनी ताकत के जरिए शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।" चौथा परिणाम क्वाड की साइबर सुरक्षा खुफिया जानकारी साझा करने से जुड़ा है। इसमें चारों देश महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और डिजिटल नेटवर्क को प्रभावित करने वाले साइबर खतरों और कमजोरियों से निपटने के लिए, खुफिया जानकारी साझा करने के मामले में अपना सहयोग और गहरा करेंगे।