By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
‘कंटेंट क्रिएटर’ आर्यन केल्विन का कार्यक्रम तय योजना के अनुसार आयोजित न हो पाने के बाद रविवार को यहां युवाओं की उग्र भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान भीड़ ने पुलिस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय पर पथराव किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना वीरचंद पटेल पथ स्थित मिलर ग्राउंड में आयोजित द ग्रैंड मीट-अप : पटना यूथ फेस्टिवल के दौरान हुई। इसी मार्ग पर भाजपा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) सहित राज्य के प्रमुख राजनीतिक दलों के मुख्यालय स्थित हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था) कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में युवा जुटे थे, लेकिन कार्यक्रम उम्मीद के मुताबिक आगे नहीं बढ़ सका, जिससे वहां अशांति फैल गई।
प्रसाद ने कहा, ‘‘आयोजकों से गलतियां हुईं। उन्हें कार्यक्रम की योजना पहले से बनानी चाहिए थी और प्रशासन को सूचित करना चाहिए था। एक बार कार्यक्रम की घोषणा हो जाने के बाद, इसे तय योजना के अनुसार आयोजित किया जाना चाहिए था।
इन्हीं खामियों के कारण यह स्थिति पैदा हुई।’’ प्रसाद ने बताया कि उपद्रव के दौरान भीड़ ने पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण केल्विन मंच तक भी नहीं पहुंच पाए थे कि उससे पहले ही आयोजन को रद्द कर दिया गया। इससे उनके प्रशंसक भड़क गए और कथित तौर पर पुलिसकर्मियों सहित अन्य लोगों पर पत्थर फेंकने लगे।
उन्होंने यह भी बताया कि मैदान के बाहर भीड़ ने ठेलों और रिक्शों को पलट दिया तथा भाजपा मुख्यालय पर भी पथराव किया। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने स्थिति पर काबू पा लिया है और भीड़ को तितर-बितर कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि इलाके में अब स्थिति सामान्य हो गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस घटना में पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हुए हैं, हालांकि वे घायलों की सटीक संख्या नहीं बता सके। दूसरी ओर, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रकोष्ठ ने एक बयान जारी कर कहा कि पुलिस ने पार्टी कार्यालय पर कथित तौर पर पथराव करने और वीरचंद पटेल पथ पर उपद्रव मचाने के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। बयान में यह भी कहा गया है कि पुलिस कार्यक्रम के आयोजक सुमन कुमार सहित इस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि केल्विन के इंस्टाग्राम पर 2.78 करोड़ फॉलोअर्स, यूट्यूब पर 76 लाख सब्सक्राइबर और फेसबुक पर 48 लाख फॉलोअर्स हैं।