संसद के विशेष सत्र से पहले Renuka Chowdhury ने परिसीमन विधेयकों पर सर्वदलीय चर्चा की मांग की

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026

कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य रेणुका चौधरी ने संसद के विशेष सत्र से पहले, सांसदों और राजनीतिक दलों के नेताओं से आग्रह किया है कि वे परिसीमन विधेयकों पर राजनीतिक नफा-नुकसान से ऊपर उठकर और देशहित को ध्यान में रखकर विचार करें। एक खुले पत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने 30 नवंबर को लोकसभा में पेश किए जाने वाले इन विधेयकों पर संवैधानिक संयम बरतने और व्यापक विचार-विमर्श करने का आह्वान किया। राज्यसभा का विशेष सत्र तीन दिसंबर को आहूत किया गया है।

चौधरी ने अपने पत्र में लिखा, ‘‘मैं प्रत्येक सांसद और प्रत्येक नेता से अपील करती हूं कि वे इन प्रस्तावों पर खुले दिमाग और स्वतंत्र विवेक के साथ विचार करें।’’ उन्होंने लोकसभा और राज्यसभा के बीच संवैधानिक संतुलन बनाए रखने, संस्थागत स्वतंत्रता तथा मुख्यमंत्रियों और राज्य सरकारों के साथ सार्थक परामर्श की आवश्यकता पर जोर देते हुए परिसीमन आयोग को दी जा रही व्यापक शक्तियों एवं अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) के प्रतिनिधित्व के मुद्दों को लेकर गंभीर चिंता जताई। कांग्रेस नेता ने पूर्ण शीतकालीन सत्र के बजाय एक संक्षिप्त विशेष बैठक बुलाने के सरकार के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इससे संसद बेरोजगारी, महंगाई, स्थिर वेतन, घटती घरेलू बचत, मध्यमवर्गीय परिवारों पर वित्तीय दबाव और किसानों की चिंताओं जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के अवसर से वंचित रह जाएगी।

उन्होंने अपने पत्र में कहा, ‘‘संसद जनता की है, न कि वर्तमान सरकार की। इसका समय जनता का समय है और इसकी जवाबदेही कार्यपालिका की प्राथमिकताओं से परे होनी चाहिए।’’ राजनीतिक नेताओं से अगले 25 वर्षों और उसके बाद के समय पर इन संवैधानिक बदलावों के परिणामों पर विचार करने की अपील करते हुए चौधरी ने जोर दिया कि चुनावी बहुमत को कभी भी संवैधानिक अतिक्रमण का लाइसेंस नहीं बनना चाहिए। उन्होंने लिखा, ‘‘हमारी राजनीतिक संबद्धताएं अलग हो सकती हैं।

हमारी विचारधाराएं भिन्न हो सकती हैं, लेकिन हमारा देश एक है, हमारा संविधान एक है, और गणतंत्र की रक्षा करने की हमारी जिम्मेदारी अविभाज्य है।’’ उन्होंने कहा कि सांसदों को लोकतंत्र के सबसे बड़े विशेषाधिकारों में से एक -अर्थात् भारत के लोगों का प्रतिनिधित्व करने और गणतंत्र के संविधान की रक्षा करने की जिम्मेदारी- सौंपी गई है। उन्होंने कहा, ‘‘सरकारें बदलेंगी, राजनीतिक किस्मत में उतार-चढ़ाव आता रहेगा, आज हम जिन पदों पर हैं, कल वे हमारे पास नहीं रहेंगे। लेकिन संविधान, लोकतंत्र और उन्हें बनाए रखने वाली संस्थाओं के प्रति हमारी प्रतिबद्धता कभी नहीं डगमगानी चाहिए।’’ चौधरी ने इस बात पर जोर दिया कि लोकतंत्र हमेशा सैन्य तख्तापलट या सरकारों को उखाड़ फेंकने से ही कमजोर नहीं होते, बल्कि भीतर से संस्थाओं के धीरे-धीरे क्षरण से भी होते हैं।

उन्होंने कहा कि चुनावी बहुमत को कभी-कभी असीमित अधिकार समझ लिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा, ‘‘हमें संसदीय जनादेश की ताकत को कभी भी संवैधानिक अतिक्रमण का लाइसेंस या संवैधानिक संयम का विकल्प नहीं बनने देना चाहिए।’’ कांग्रेस सांसद ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का भारत पर स्वामित्व नहीं है और कोई भी सरकार स्थायी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा, ‘‘जाति, पंथ, लिंग, भाषा, क्षेत्र या राजनीतिक संबद्धता से परे, भारत हर नागरिक का समान रूप से है।

जिन संवैधानिक सुरक्षा उपायों की हम आज रक्षा करते हैं, कल हमें खुद उन्हीं की आवश्यकता पड़ सकती है। हमारी देशभक्ति का आकलन केवल इस बात से नहीं किया जाना चाहिए कि हम अपने देश के बारे में क्या कहते हैं, बल्कि इस बात से किया जाना चाहिए कि हम इसकी संस्थाओं की रक्षा करने, असहमति का सम्मान करने, संघवाद को बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने के लिए कितने तत्पर हैं कि प्रत्येक भारतीय की आवाज समान और सार्थक हो।’’

प्रमुख खबरें

पुणे में National Shooting Championship की शुरुआत पर हंगामा, उपकरण जांच में देरी पर भड़के खिलाड़ी

Ramgarh Road Accident: रजरप्पा मंदिर जा रहे बिहार के 13 श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत

Balochistan में अज्ञात हमलावरों ने 11 कोयला खदान मजदूरों को अगवा कर मार डाला

Jammu में स्वतंत्र NLU न मिलने पर सियासत तेज, Congress ने BJP पर साधा निशाना