पटनायक पांडियन को अगला मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं: Giriraj Singh

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 23, 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को आरोप लगाया कि ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को एक गुट ने बंधक बना रखा है और वह वी. के. पांडियन को अगला मुख्यमंत्री बनाने की योजना बना रहे हैं।

सिंह ने अपने कैबिनेट सहयोगी धर्मेंद्र प्रधान के वास्ते प्रचार करने के लिए एक रोड शो में भाग लिया। प्रधान संबलपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। राज्य पर एक माफिया का नियंत्रण होने का आरोप लगाते हुए सिंह ने कहा, ‘‘वह (पटनायक) आते हैं, दो मिनट बोलते हैं और फिर चले जाते हैं। उनका अपहरण कर लिया गया है और उन्हें बंदी बनाकर रखा गया है।’’

सिंह ने पटनायक के करीबी सहयोगी पांडियन पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पटनायक ने पहले कहा था कि वह 75 साल के हो जाने पर मुख्यमंत्री पद छोड़ देंगे। उन्होंने कहा, ‘‘नवीन बाबू ने 20-25 साल पहले कहा था कि वह 75 साल की उम्र में रिटायर होंगे।

अब वह (नवीन पटनायक) 77 साल के हैं और पांडियन को अगला मुख्यमंत्री बनाने की योजना बना रहे हैं। मैं ओडिशा के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे ओडिया अस्मिता को बचाने के लिए भाजपा को वोट दें और यह सुनिश्चित करें कि एक मूल निवासी राज्य की कमान संभाले।’’

संबलपुर में हनुमान जयंती समारोह पर रोक लगाने के लिए बीजू जनता दल (बीजद) सरकार की आलोचना करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘अगर हम यहां हनुमान जयंती नहीं मना सकते, तो हमें कहां जाना चाहिए? पाकिस्तान, बांग्लादेश, या मलेशिया?’’

उन्होंने वादा किया कि ओडिशा में भाजपा की सरकार बनने पर लोग बिना किसी डर के हनुमान जयंती मना पायेंगे। उन्होंने प्रधान की ‘‘विकास पुरुष’’ के रूप में प्रशंसा की और कहा कि वह संबलपुर सीट 1.5 लाख से अधिक मतों से जीतेंगे। बीजद ने सिंह के बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

प्रमुख खबरें

हमें एक ट्यूटोरियल चलाने में खुशी होगी, EVMs की हैकिंग पर Elon Musk ने जताई चिंता, Rajeev Chandrasekhar ने दी प्रतिक्रिया

TDP लोकसभा अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ती है तो ‘इंडिया’ गठबंधन समर्थन जुटाने का प्रयास करेगा : Sanjay Raut

राजस्थान के कोटा में IT JEE की तैयारी कर रहे युवक ने फंदा लगाकर जान दी

प्रियंका चोपड़ा ने ऑस्ट्रेलिया में मनाया मां मधु चोपड़ा का जन्मदिन, बेटी मालती मैरी भी शामिल हुईं