By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026
पौड़ी जिले के लैंसडौन क्षेत्र में शनिवार को एक वाहन के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा रिखणीखाल से लगभग 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के पास हुआ, जहां एक मैक्स वाहन करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। वाहन रिखणीखाल से भंगलवाड़ गांव की ओर जा रहा था।
हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल के लिए रवाना हुए लैंसडौन के भाजपा विधायक दिलीप रावत ने बताया कि महिलाएं रिखणीखाल में आयोजित एक बैठक में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रही थीं। सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में मारे गए सभी आठ लोगों के शव खाई से निकाल लिए गए हैं।
मृतकों में वाहन चालक भी शामिल है। वहीं, चारों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान कांति देवी (45), रेखा देवी (42), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजिनी देवी (38), रजनी देवी (25) और वाहन चालक अनिल देबराड़ा के रूप में हुई है।
घायलों में शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह और उनकी पत्नी सत्यवती देवी (36) शामिल हैं। दुर्घटना में मारे गए और घायल हुए सभी लोग भंगलवाड़ गांव के निवासी हैं। मुख्यमंत्री धामी ने सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति और उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है।