Iran War पर Pentagon ने खर्च किए 48.3 अरब डॉलर, US सांसदों ने बेस को हुए नुकसान का ब्योरा मांगा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026

ईरान के साथ युद्ध अमेरिका पर भारी पड़ रहा है और 13 नवंबर तक इसकी लागत 48.3 अरब डॉलर आंकी गई है, लेकिन इसमें पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को हुए नुकसान का खर्च शामिल नहीं है। इस भारी कीमत को देखते हुए सांसदों ने अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन से युद्ध के वास्तविक खर्च का पूरा ब्योरा मांगा है। पेंटागन के बजट अधिकारी आर्थर मिलर ने बृहस्पतिवार को सीनेट की सशस्त्र सेवा समिति के सामने युद्ध की कुल लागत का ताजा अनुमान पेश किया।

समिति मिलर को नौसेना का नियंत्रक नियुक्त करने के उनके नामांकन पर विचार कर रही है। 48 अरब डॉलर के इस आंकड़े में सैन्य अभियानों पर हुआ खर्च और अन्य खर्च शामिल हैं। कनेक्टिकट से डेमोक्रेटिक सांसद रिचर्ड ब्लूमेंथल ने मिलर से अमेरिकी सैन्य ठिकानों को हुए नुकसान का अनुमान पूछा।

इस पर मिलर ने कहा कि फिलहाल उनके पास इसका आंकड़ा नहीं है। समिति के अध्यक्ष और मिसिसिप्पी से रिपब्लिकन सांसद रोजर विकर ने मिलर को जल्द से जल्द इस बारे में जानकारी जुटाने और जवाब देने का निर्देश दिया। समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) के एक विश्लेषण में पाया गया कि ईरान ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले कर विमानों के हैंगर, दुश्मन के हमलों का पता लगाने वाली प्रणालियों, गोदामों और सैनिकों के आवास समेत कई अन्य सुविधाओं को निशाना बनाया।

इन हमलों में सैन्य उपकरणों को अरबों डॉलर का नुकसान पहुंचा है। युद्ध पर होने वाला खर्च अमेरिकी कांग्रेस में विवाद का बड़ा मुद्दा बना हुआ है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने सांसदों से 1.5 लाख करोड़ डॉलर के रक्षा बजट को मंजूरी देने की मांग की है, जिसके बाद युद्ध की लागत को लेकर बहस और तेज हो गई है।

मध्यावधि चुनावों में इस युद्ध और इसके आर्थिक प्रभावों के कारण रिपब्लिकन पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ा। ऐसे में युद्ध पर हुए खर्च को लेकर राजनीतिक खींचतान और बढ़ने की आशंका है। पेंटागन पर डेमोक्रेटिक सांसदों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

वे चाहते हैं कि विभाग पश्चिम एशिया में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों से हुए नुकसान का अनुमान सार्वजनिक करे। मैसाचुसेट्स से डेमोक्रेटिक सांसद एलिजाबेथ वॉरेन ने मंगलवार को स्वतंत्र आकलनों और मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि ईरानी जहाजों की आवाजाही पर अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी पर हर दिन करीब 3.25 करोड़ डॉलर खर्च हो रहे हैं। वहीं, बहरीन में नौसेना के क्षेत्रीय मुख्यालय पर ईरान के हमले से कम से कम 40 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ है।

प्रमुख खबरें

Dev Uthani Ekadashi: चार माह की योग निद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु, 20 नवंबर को रखा जाएगा एकादशी व्रत

वेलिंगटन Test में Nicholls का शतक, New Zealand ने दूसरे दिन लंच तक बनाए 317 रन

Jammu Kashmir में बदलाव विकसित भारत के लक्ष्य को देगा मजबूती, Jitendra Singh ने बताया

Kashi Vishwanath Dham सुरक्षा के लिए UP सरकार गृह मंत्रालय को देगी 4.19 एकड़ जमीन