By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 14, 2024
मुंबई में दो दिन के बाद शुक्रवार को अधिकांश हिस्सों में एक बार फिर बारिश हुई जिससे लोगों को तपिश और उमस से राहत मिली। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि गरज के साथ बारिश शुरू हुई लेकिन इससे शहर में कहीं भी बड़ी मात्रा में जलभराव की कोई खबर नहीं है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे में शहर और उपनगरों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। मुंबई में मॉनसून अपनी सामान्य तिथि 11 जून से दो दिन पहले नौ जून को पहुंचा, इसके बाद भी पिछले दो दिनों में महानगर में बारिश नहीं हुई जिससे वहां मौसम उमस भरा रहा।