By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 31, 2023
औरंगाबाद। महाराष्ट्र के औरंगाबाद शहर में एक राम मंदिर के समीप झड़प के बाद पुलिस पर भीड़ के हमले में घायल हुए 51 वर्षीय व्यक्ति की एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पहचान शेख मुनिरुद्दीन के रूप में की गयी है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घायल व्यक्ति की बृहस्पतिवार रात को शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। बहरहाल, पुलिस ने मौत की वजह नहीं बतायी है। औरंगाबाद के खिरादपुरा इलाके में राम मंदिर के समीप दो समूहों के बीच झड़प के बाद जब पुलिसकर्मियों ने स्थिति को काबू करने की कोशिश की तो करीब 500 लोगों की भीड़ ने उन पर पथराव किया और पेट्रोल से भरी बोतलें फेंकी।