आम आदमी की जेब पर मंहगाई की मार, पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतें बढ़ीं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 22, 2022

नयी दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को 80 पैसे प्रति लीटर, जबकि घरेलू रसोई गैस के दाम में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई। सूत्रों ने यह जानकारी दी। इस तरह, चुनावी गतिविधियों के कारण पेट्रोल, डीजल की दरों में संशोधन पर साढ़े चार महीने से जारी रोक खत्म हो गई। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब 96.21 रुपये प्रति लीटर होगी, जो पहले 95.41 रुपये थी, जबकि डीजल की कीमत 86.67 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 87.47 रुपये हो गई है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में बिना सब्सिडी वाले, 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाकर 949.50 रुपये कर दी गई है।

इसे भी पढ़ें: डोडला डेयरी का शेयर 20 प्रतिशत चढ़ा, 50 करोड़ में श्री कृष्णा मिल्क्स को खरीदने का किया ऐलान

19 किलो के वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत अब 2003.50 रुपये है। जून 2017 से पेट्रोल और कीमतों को पिछली 15 दिन की अंतरराष्ट्रीय दर के अनुरूप दैनिक रूप से समायोजित किया जा रहा है। लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में पांच रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की जिसके बाद से चार नवंबर, 2021 से दरें नहीं बढ़ी हैं। इसके बाद अधिकांश राज्य सरकारों ने भी स्थानीय बिक्री कर या वैट कम किया। इन कर कटौती से पहले पेट्रोल की कीमत 110.04 रुपये प्रति लीटर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी और डीजल 98.42 रुपये प्रति लीटर हो गया था। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतें बढ़ी हुई हैं। हालांकि, पश्चिमी देशों ने अब तक ऊर्जा व्यापार को प्रतिबंधों से बाहर रखा है, लेकिन रूसी तेल और उत्पादों पर पूर्ण प्रतिबंध की आशंका से अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतों में फिर से इजाफा हो सकता है।

प्रमुख खबरें

Prashant Kishor ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मांगा इस्तीफा

AISA अध्यक्ष Neha Bora ने Jantar Mantar प्रदर्शन जारी रखने का दिया संदेश

Shardiya Navratri 2026: 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत, घटस्थापना और पूजा सामग्री की पूरी लिस्ट

Mansukh Mandaviya से मिले पैरा निशानेबाज, Asian Para Games चयन में PCI पर लगाया पक्षपात का आरोप