पाकिस्तान में हॉकी की दुर्दशा के लिए पीएचएफ जिम्मेदार: अंतरिम कोच सकलैन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 11, 2023

पाकिस्तान के अंतरिम कोच मुहम्मद सकलैन ने शुक्रवार को देश में हॉकी की खराब स्थिति के लिए राष्ट्रीय महासंघ को दोषी ठहराया और कहा कि देश में इस खेल की स्थिति में सुधार के लिए पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) में ‘लंबे समय ये जमें अक्षम अधिकारियों’ को बाहर निकलना होगा। भारत की तरह ही पाकिस्तान का हॉकी इतिहास समृद्ध रहा है। उसने तीन स्वर्ण सहित आठ ओलंपिक पदक के अलावा चार विश्व खिताब और आठ एशियाई खेलों का खिताब जीता है। पाकिस्तान ने 2010 में ग्वांगझू एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक के रूप में अपना पिछला बड़ा खिताब जीता था। देश में इसके बाद पाकिस्तान हॉकी के लिए स्थिति बद से बदतर हो गई है। टीम इसके बाद ओलंपिक और विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में असफल रही है।

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में चीन पर 6-1 की जीत के साथ पांचवें स्थान पर रहने के बाद सकलैन ने कहा, ‘‘ पीएचएफ निश्चित रूप से बेहतर कर सकता है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो पाकिस्तान हॉकी के लिए इस तरह से जीवित रहना कठिन होगा। मैं पिछली रात दिलीप टिर्की (हॉकी इंडिया अध्यक्ष) से बात कर रहा था, और जब उन्होंने मुझे इसमें निवेश किए गए धन के बारे में बताया तब मैं गिनती भूल गया। जब आप इतना निवेश करते हैं, तो आपको परिणाम मिलना निश्चित है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हमारी टीम ने आठ महीने बाद प्रतिस्पर्धी हॉकी खेली और इस तरह अंतरराष्ट्रीय हॉकी में टिके रहना कठिन है।

हमें पीएचएफ को अक्षम अधिकारियों से छुटकारा पाना होगा।’’ उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और टीम की आलोचना करने से पाकिस्तान हॉकी का कोई भला नहीं होगा। यह पूछे जाने पर कि उन्होंने टिर्की के साथ क्या चर्चा की, सकलैन ने कहा कि उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान से भारत-पाक द्विपक्षीय हॉकी श्रृंखला को पुनर्जीवित करने का अनुरोध करने के साथ हॉकी इंडिया लीग में पाकिस्तान के खिलाड़ियों को खेलने की अनुमति देने का भी आग्रह किया।

प्रमुख खबरें

जोफ्रा आर्चर की टी20 वर्ल्ड कप में वापसी: इंग्लैंड की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान

Eden Gardens टेस्ट पिच पर आईसीसी की मुहर, गुवाहाटी को मिला ‘बहुत अच्छा’ दर्जा

नाइजीरिया में जोशुआ की कार ट्रक से टकराई, दो टीम सदस्यों की मृत्यु, चैम्पियन एंथनी अस्पताल में भर्ती

Investment bankers की बम्पर कमाई: 2025 में IPO से ₹4113 करोड़ की फीस, पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा