By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 19, 2026
डिजिटल भुगतान एवं वित्तीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी फोनपे के संस्थापक एवं मुख्य उत्पाद एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीपीटीओ) राहुल चारी ने कहा कि कंपनी को उसके मंच ‘फोनपे इन्वेस्ट’ के जरिये ऐसे लाखों भारतीयों को शेयर बाजार से जोड़ने का अवसर दिख रहा है जो सोने, सावधि जमा और म्यूचुअल फंड के जरिये बचत करते हैं। उन्होंने कहा कि मंच ‘फोनपे इन्वेस्ट’ पहली बार शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए एक सेतु का काम करेगा। फोनपे ने अपने निवेश एवं कारोबार मंच शेयरडॉटमार्केट का नाम बदलकर फोनपे इन्वेस्ट करने की सोमवार को घोषणा की।
अब कंपनी सक्रिय निवेशकों और कारोबारियों के साथ उन लोगों को भी सेवाएं देना चाहती है, जिन्होंने छोटी-छोटी नियमित बचत के जरिये निवेश शुरू किया है और अब शेयर बाजार में प्रवेश करना चाहते हैं। चारी ने कहा, ‘‘जब हमने शेयरडॉटमार्केट शुरू किया था, तो इसे खास तौर पर सक्रिय निवेशकों और कारोबारियों की जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार किया गया था।’’
उन्होंने कहा कि फोनपे के कुल उपयोगकर्ता आधार की तुलना में यह एक छोटा वर्ग था। कंपनी ने महानगरों और बड़े शहरों से बाहर भी लोगों की वित्तीय बचत उत्पादों में भागीदारी देखी है। इनमें सोना, सावधि जमा (एफडी) और म्यूचुअल फंड शामिल हैं। चारी ने इसका श्रेय छोटी रकम से निवेश करने की सुविधा को दिया। उन्होंने इसे वित्तीय सेवाओं का ‘छोटे पैकेट वाला मॉडल’ बताया, जिसने अधिक लोगों को इन सेवाओं से जुड़ने और भागीदारी बढ़ाने में मदद की है। उन्होंने कहा कि फोनपे पर उपयोगकर्ता 10 रुपये से दैनिक व्यवस्थित निवेश योजना (एसआईपी) के जरिये सोने और म्यूचुअल फंड में निवेश कर सकते हैं। वहीं, म्यूचुअल फंड में एकमुश्त निवेश 100 रुपये से शुरू किया जा सकता है।
कंपनी को अब इनमें से कुछ बचतकर्ताओं को शेयर में निवेश की शुरुआत कराने का अवसर दिख रहा है। चारी ने कहा, ‘‘फोनपे इन्वेस्ट मूल रूप से फोनपे के जरिये बचत करने वालों और पहली बार निवेश करने वालों को शेयर बाजार में भागीदारी के लिए एक सेतु है। नए नाम के साथ हम ‘पोर्टफोलियो ऑप्टिमाइजर’ भी पेश कर रहे हैं। इसमें ऐसे उपकरणों का समूह है, जिनकी मदद से आप अपना पहला पोर्टफोलियो बना सकते हैं, जब चाहें उसकी निगरानी कर सकते हैं और मंच के जरिये उसका विश्लेषण करा सकते हैं।
इसके बाद एक क्लिक में उसे बेहतर बनाने का विकल्प भी मिलता है।’’ उन्होंने कहा कि कंपनी सक्रिय निवेशकों और कारोबारियों को सेवाएं देती रहेगी। साथ ही, वह यह सुनिश्चित करना चाहती है कि देश की व्यापक आबादी से आने वाले नए निवेशकों के पास न सिर्फ कारोबार करने की सुविधा हो, बल्कि वे बिना तनाव के और कंपनी के पूरे मार्गदर्शन के साथ निवेश कर सकें।
चारी ने साथ ही कहा कि अगर अगले पांच साल की बात करें तो अवसर मौजूदा सक्रिय निवेशकों और कारोबारियों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ अधिक नए निवेशकों को बाजार से जोड़कर समग्र वृद्धि को तेज करने में है।