By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
केरलम विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनरायी विजयन ने बुधवार को कहा कि जबरन वसूली के मामले में कांग्रेस पदाधिकारी की गिरफ्तारी से पार्टी की सड़ चुकी राजनीतिक संस्कृति का घिनौना चेहरा उजागर हुआ है। विजयन ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि यह इस सोच को दर्शाता है कि सत्ता मिलने पर कुछ भी किया जा सकता है और हर गलत काम को राजनीतिक संरक्षण मिल जाएगा। उन्होंने कहा, कांग्रेस की सड़ चुकी राजनीतिक संस्कृति का घिनौना चेहरा उजागर हो गया है।
माकपा के वरिष्ठ नेता विजयन तिरुवनंतपुरम जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के सचिव सुहैल शाजहान की गिरफ्तारी का जिक्र कर रहे थे। शाजहान पर एक डॉक्टर से 10 लाख रुपये की जबरन वसूली करने का आरोप है। उन्होंने कथित तौर पर अस्पताल के बारे में मानहानिकारक वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी थी।
विजयन ने अपनी पोस्ट के साथ कांग्रेस नेता का एक कथित वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह डॉक्टर से पैसे लेते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की विफलता नहीं, बल्कि सत्ता के अहंकार का उदाहरण है। विजयन ने आरोप लगाया कि केरलम में यूडीएफ शासन के पिछले छह महीनों में लोगों को लूटने वाली माफिया राजनीति फल-फूल रही है।
पुलिस के मुताबिक, कांग्रेस नेता को कथित तौर पर रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत जबरन वसूली और धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। निजी अस्पताल चलाने वाले डॉक्टर ने धमकियों के संबंध में पुलिस से शिकायत की थी, जिसके बाद कांग्रेस नेता को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।