By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 22, 2020
नयी दिल्ली। भारत और अमेरिका को एक ‘‘त्वरित’’ व्यापार समझौते को पूरा करने के बाद मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के रूप में एक अधिक टिकाऊ, मजबूत और दीर्घकालिक भागीदारी की दिशा में काम करने के लिये बातचीत की मेज पर बैठने की जरूरत है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यह कहा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि एफटीए के लिये भारत खुले दिमाग से काम करने का इच्छुक है। भारत बाजारों को खुला रखने की इच्छा के साथ भारतीय व्यवसायियों के लिये भी अमेरिका में बेहतर अवसर चाहता है। गोयल ने कहा, ‘‘मेरा विश्वास है कि हम पिछले कुछ सालों के दौरान हमारे बीच उभरे लंबित मामलों को लेकर एक त्वरित व्यापार समझौता कर सकते हैं।इन मामलों को हमें जल्द सुलझाना लेना चाहिये। हम काफी कुछ इस दिशा में आगे बढ़ चुके हैं और मेरा मानना है कि अगली कुछ बातचीत में हम इन्हें सुलझा लेंगे।’’ वाणिज्य मंत्री ने कहा, ‘‘इसके बाद जैसा की अमेरिकी कांग्रेस को सूचित किया गया है, अमेरिका और भारत को बातचीत की मेज पर बैठना चाहिये। मुझे नहीं पता कि यह अमेरिका में चुनाव से पहले हो सकता है या फिर चुनाव के बाद, लेकिन हमें एफटीए के रूप में एक अधिक टिकाऊ, अधिक मजबूत और दीर्घकालिक भागीदारी की दिशा में काम करने की जरूरत है।’’