Tariff और पाबंदियों को आर्थिक हथियार बना रहे कई देश: PK Mishra

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 03, 2026

नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी के मिश्रा ने शनिवार को कहा कि निर्यात पर पाबंदियां, प्रतिबंध और आयात शुल्क अब आर्थिक नीतियों के साधन बन चुके हैं और कभी-कभी इनका इस्तेमाल हथियार की तरह भी किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध ऊर्जा और खाद्य बाजारों को अस्त-व्यस्त कर देते हैं, जबकि समुद्री रास्ते और रणनीतिक भौगोलिक मार्ग आर्थिक दृष्टि से संवेदनशील बन जाते हैं। कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन में ए वर्ल्ड प्राइस्ड फॉर रिस्क विषय पर उन्होंने कहा कि भारत ऊर्जा का एक बड़ा आयातक देश है, और किसी भी महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते में लंबे समय तक आने वाली रुकावट अर्थव्यवस्था पर बुरा असर डाल सकती है।

अमेरिका पूर्व में कई वजहों से भारत सहित कई देशों पर शुल्क लगाने की घोषणा कर चुका है। हाल में अमेरिका ने लिंडसे ओ ग्राहम सैंक्शनिंग रूस एंड ईरान एक्ट 2026 लागू किया है, जो रूस से तेल और गैस खरीदने वाले भारत और चीन जैसे देशों पर 100 प्रतिशत तक का शुल्क लगाने का अधिकार देता है। मिश्रा ने बताया कि भारत ने भारी भंडारण क्षमता तैयार की है, जहां संभव हो घरेलू उत्पादन बढ़ाया है और खरीदारी के स्रोतों में विविधता लाई गई है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भारत जिन देशों से कच्चा तेल खरीदता है, उनकी संख्या 27 से बढ़कर 43 हो गई है, जो अपने आप में एक बड़ा बदलाव है। उन्होंने कहा, यही बात स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ने पर भी लागू होती है। नवीकरणीय ऊर्जा, परमाणु ऊर्जा, भंडारण और उससे जुड़ी तकनीकों में घरेलू क्षमता बढ़ाना केवल पर्यावरण के लिए ही जरूरी नहीं है, बल्कि बाहरी झटकों के असर को कम करने के लिए भी आवश्यक है।

मिश्रा ने कहा कि एक और उदाहरण महत्वपूर्ण खनिजों और रणनीतिक औद्योगिक कच्चे माल का है, जहां कार्यक्षमता और मजबूती के बीच का अंतर महत्वपूर्ण हो जाता है। मिश्रा ने कहा कि भारत ने राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन के जरिए घरेलू स्तर पर खोज, प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण को मजबूत करने के कदम उठाए हैं।

प्रमुख खबरें

Love Horoscope For 3 October 2026 | आज का प्रेम राशिफल 3 अक्टूबर 2026 | प्रेमियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन

Vrindavan में Premanand Maharaj के आश्रम बाहर लापता किशोर के परिजनों का प्रदर्शन

Asian Games 2026 में Ishan Kishan ने पूरा किया 1000 T20I रन का आंकड़ा, बनाया खास रिकॉर्ड

राजनयिक संबंध नहीं रखने वाले देश का पायलट इजराइली उड़ानें संचालित नहीं कर सकता, फिर Omani Co-Pilot कैसे Flydubai Flight में आ गया?