By टीम प्रभासाक्षी | Aug 09, 2021
टोक्यो ओलंपिक 2020 समाप्त हो चुके हैं। कोरोना वायरस महामारी के बीच ओलंपिक खेलों का सफल और सुरक्षित आयोजन करने के लिये सोमवार को जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने देशवासियों का आभार व्यक्त किया। इन सब के बीच टोक्यो में 7 पदक अपने नाम करके भारतीय खिलाड़ी स्वदेश लौट चुके हैं, इस दौरान दिल्ली एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का पूरे जोर शोर से स्वागत हुआ। वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी भारतीय महिला टीम के लिए 31-31 लाख रुपये के पुरस्कार का ऐलान किया है।
भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने कहा कि, तोक्यो अब अतीत है, पेरिस के लिये हर पहलू से नयी शुरुआत करूंगी। यह 23 वर्षीय खिलाड़ी ओलंपिक में पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय मुक्केबाज है। उनसे पहले विजेंदर सिंह (2008) और एमसी मैरीकॉम ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
तोक्यो ओलंपिक के शानदार आयोजन के लिए जापान के PM सुगा ने देशवासियों का आभार व्यक्त किया
जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने महामारी के दौरान सुरक्षित ओलंपिक के लिये लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘खेल एक साल के लिये स्थगित जरूर किये गये और कड़े दिशानिर्देशों के बीच संपन्न हुए लेकिन मुझे लगता है कि हम मेजबान देश की अपनी जिम्मेदारी पूरी करने में सक्षम रहे। ’’
लंदन ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली खिलाड़ी चाय बागान पर मजदूरी करने के लिए हुई मजबूर
साल 2012 के ओलंपिक में असम की पिंकी करमाकर ने लंदन की सड़कों पर मशाल लेकर दौड़ी थी। जब पिंकी करमाकर असम वापस लौटी थीं तब उनका स्वागत बिल्कुल वैसा ही हुआ जैसे टोक्यो ओलंपिक से वापस लौट रहे खिलाड़ियों का हो रहा है। लंदन की सड़कों पर भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाली पिंकी करमाकर 167 रुपए में प्रतिदिन काम करने के लिए मजबूर हैं।
टोक्यो ओलंपिक से पदक जीतकर वापस लौटे खिलाड़ी, एयरपोर्ट पर हुआ दमदार स्वागत
भारतीय प्रतिनिधिबल ने टोक्यो में 7 पदक अपने नाम किया। जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य शामिल हैं। इस जीत के बाद जब भारतीय खिलाड़ियों ने स्वदेश में कदम रखा तो उनका शानदार स्वागत हुआ। राष्ट्रीय राजधानी में नीरज चोपड़ा, रवि दहिया, बजरंग पूनिया और हॉकी टीम का प्रशंसकों ने स्वागत किया।
महिला हॉकी खिलाड़ियों को 31-31 लाख देगी MP सरकार, कोच बोले- हमारी चैंपियन के लिए अच्छी खबर
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी भारतीय महिला टीम के लिए पुरस्कार का ऐलान किया है। शिवराज ने कहा कि हमारी महिला हॉकी टीम ने ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन किया। वे भले ही हार गए हों, लेकिन उन्होंने देश का दिल जीत लिया। हमने तय किया है कि इस टीम की सभी सदस्य बेटियों को 31-31 लाख रुपये की निधि से सम्मानित किया जाए। मुझे विश्वास है कि भविष्य में हमारी बेटियां जीतेंगीं।