प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी फ्रांसीसी समकक्ष, सीनेट अध्यक्ष के साथ कीं ‘‘सार्थक’’ बैठकें

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 13, 2023

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस की अपनी दो दिवसीय यात्रा की शुरुआत में बृहस्पतिवार को अपनी फ्रांसीसी समकक्ष एलिजाबेथ बोर्न और सीनेट अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर के साथ सार्थक बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने यूरोपीय देश के साथ भारत की दीर्घकालिक और समय पर खरी उतरी रणनीतिक साझेदारी को नयी गति प्रदान करने के तरीकों पर चर्चा की। इससे पहले, आज यहां पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का हवाई अड्डे पर फ्रांसीसी प्रधानमंत्री बोर्न ने स्वागत किया। मोदी के आगमन पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया और ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, अपनी पहली बैठक में, मोदी ने सीनेट अध्यक्ष लार्चर के साथ सार्थक बैठक की और दोनों नेताओं ने पारस्परिक हित के कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया तथा कई क्षेत्रों में भारत-फ्रांस सहयोग को गहरा करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘सीनेट के अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर से मिलकर खुशी हुई। विभिन्न क्षेत्रों में भारत-फ्रांस सहयोग को गहरा करने के तरीकों पर सार्थक वार्ता की।’’ इसके बाद, मोदी ने प्रधानमंत्री बोर्न से मुलाकात की तथा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।

मोदी ने पेरिस में होटल में पहुंचने के बाद बच्चों और भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत की। होटल के बाहर इंतजार कर रहे भारतीय समुदाय के उत्साही सदस्यों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान भारत माता की जय के नारे लगाए। मोदी ने कहा, पेरिस में भारतीय प्रवासियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। दुनिया भर में, हमारे प्रवासियों ने अपनी पहचान बनाई है और उनके परिश्रम एवं मेहनती प्रकृति की प्रशंसा की जाती है। पेरिस में प्रधानमंत्री मोदी के फ्रांसीसी नेतृत्व, भारतीय प्रवासियों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और प्रमुख हस्तियों के साथ कई कार्यक्रम निर्धारित हैं। दिल्ली से फ्रांस के लिए प्रस्थान से पहले, मोदी ने विश्वास जताया था कि उनकी यात्रा द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को एक नई गति प्रदान करेगी। मोदी ने अपने प्रस्थान वक्तव्य में कहा, मैं राष्ट्रपति मैक्रों से मिलने और अगले 25 वर्ष में इस दीर्घकालिक और समय पर खरी उतरी साझेदारी को आगे बढ़ाने पर व्यापक चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने मित्र, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर 13 से 14 जुलाई तक फ्रांस के राजकीय दौरे पर रहूंगा।’’ मोदी ने कहा कि उनकी फ्रांस यात्रा विशिष्ट है क्योंकि वह फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस या बैस्टिल दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ शामिल होंगे। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों की सामरिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘इस वर्ष हमारी रणनीतिक साझेदारी की वर्षगांठ है। गहरे विश्वास और संकल्प में निहित हमारे दोनों देशों के बीच रक्षा, अंतरिक्ष, असैन्य परमाणु, नीली अर्थव्यवस्था, व्यापार, निवेश, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच मेल-मिलाप सहित विभिन्न क्षेत्रों में करीबी सहयोग हो रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’ मोदी ने कहा कि 2022 की उनकी पिछली फ्रांस यात्रा के बाद से उन्हें राष्ट्रपति मैक्रों से मिलने के कई अवसर मिले हैं और हाल ही में मई 2023 में जी-7 शिखर वार्ता के दौरान जापान के हिरोशिमा में भी उनसे मुलाकात हुई थी। बैस्टिल दिवस समारोह में हिस्सा लेने के लिए भारतीय सेना के तीनों अंगों की 269 सदस्यीय टुकड़ी यहां पहुंची है। इसमें फ्रांसीसी लड़ाकू विमानों के साथ भारतीय वायुसेना के तीन राफेल लड़ाकू विमान भी हिस्सा लेंगे।

प्रमुख खबरें

Max Verstappen का Formula One में भविष्य पर सस्पेंस, जल्द ले सकते हैं चौंकाने वाला फैसला

Noida Airport पर बस आखिरी मंजूरी का इंतजार, 45 दिनों में शुरू होंगे Flight Operations

Indian Economy की ग्रोथ पर संकट के बादल, महंगा Crude Oil बढ़ा सकता है आपकी जेब पर बोझ

Tamil Nadu की सियासत में Thalapathy Vijay की एंट्री, Stalin-DMK को देंगे सीधी टक्कर?