संभाजीनगर में बोले पीएम मोदी, अघाड़ीवालों को विकास से मतलब नहीं, बंटवारे पर भरोसा करती है कांग्रेस

By अंकित सिंह | Nov 14, 2024

महाराष्ट्र चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज छत्रपति संभाजी नगर में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और अन्य महायुति नेता भी मौजूद रहे। अपने संबोधन की शुरूआत में पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र का ये चुनाव केवल नई सरकार चुनने का ही चुनाव नहीं है। इस चुनाव में एक ओर संभाजी महाराज को मानने वाले देशभक्त हैं और दूसरी ओर औरंगजेब के गुणगान करने वाले लोग हैं। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र को विकसित भारत के विजन का नेतृत्व करना है। बीजेपी और महायुति इसी संकल्प को लेकर काम कर रहे हैं। इसलिए आज महाराष्ट्र में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हो रहा है। आज समृद्धि महामार्ग संभाजी नगर से होकर गुजर रहा है। मराठवाड़ा, विदर्भ और मुंबई से सीधे जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में विकास के इस महायज्ञ के साथ ही, हमारी सरकार, विरासत का अनुष्ठान भी कर रही है। भगवान विठ्ठल के भक्तों की सुविधा के लिए हमने पालकी महामार्ग का निर्माण करवाया है।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के लोग दशकों से मराठी को अभिजात भाषा का दर्जा देने की मांग कर रहे थे। मराठा गौरव से जुड़ा ये काम भी भाजपा ने ही पूरा किया है। उन्होंने कहा कि अघाड़ी वालों ने महाराष्ट्र की परेशानियों को बढ़ाने के अलावा कोई काम नहीं किया है। मराठवाड़ा में लंबे समय से पानी का संकट रहा है, लेकिन कांग्रेस और अघाड़ी वाले हमेशा हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। हमारी सरकार में पहली बार सूखे के खिलाफ ठोस प्रयास शुरू हुए। उन्होंने कहा कि ये अघाड़ी वाले आपको बूंद-बूंद पानी के लिए तरसाएंगे। आपसे अनुरोध है कि इन अघाड़ी वालों को घुसने ही मत देना।

इसे भी पढ़ें: Anil Deshmukh पर बुरी तरह भड़क गये महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री Devendra Fadnavis! रिटायर जज कैलास चांदीवाल से जुड़ा है मामला

मोदी ने कहा कि महायुति के लिए हमारा किसान, अन्नदाता है, विकसित महाराष्ट्र का सबसे मजबूत स्तंभ है। यहां कपास के किसान बहुत बड़ी मात्रा में हैं। हमारी सरकार उनकी आय बढ़ाने के लिए भी हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी, सरकार बनाने के लिए विकास पर नहीं, बंटवारे पर भरोसा करती है। कांग्रेस दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों को आगे बढ़ने से रोकती है ताकि सत्ता पर पीढ़ी-दर-पीढ़ी इनका कब्जा बना रहे। इसलिए कांग्रेस शुरू से ही आरक्षण के खिलाफ रही है। इन दिनों इंटरनेट पर पुराने अखबारों की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। आरक्षण को लेकर कांग्रेस की असली सोच क्या है, वो उन विज्ञापनों में साफ दिख रहा है। कांग्रेस, आरक्षण को देश के खिलाफ और मेरिट के खिलाफ बताती थी।

प्रमुख खबरें

लातूर में BSNL के पूर्व कर्मी को Digital Arrest कर 28.51 लाख ठगे, छह गिरफ्तार

पश्चिम एशिया में अब तक 23 भारतीयों की मौत, काला सागर क्षेत्र में भी 5 नागरिकों ने गंवाई जान

सर्दियों में गीजर इस्तेमाल करते समय इन सुरक्षा बातों का रखें ध्यान

एक्स ने हाथ काटकर मांग भरने की कोशिश की थी, Kanika Mann के रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे