काशी विश्वनाथ धाम का PM मोदी ने किया लोकार्पण, कहा- जो कुछ भी हुआ है, महादेव ने ही किया है

By अंकित सिंह | Dec 13, 2021

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज काशी के भव्य स्वरूप 'काशी विश्वनाथ धाम' का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी मैं बाबा के साथ साथ नगर कोतवाल कालभैरव जी के दर्शन करके भी आ रहा हूँ, देशवासियों के लिए उनका आशीर्वाद लेकर आ रहा हूँ। काशी में कुछ भी नया हो, उनसे पूछना आवश्यक है। मैं काशी के कोतवाल के चरणों में भी प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा कि हमारे पुराणों में कहा गया है कि जैसे ही कोई काशी में प्रवेश करता है, सारे बंधनों से मुक्त हो जाता है। भगवान विश्वेश्वर का आशीर्वाद, एक अलौकिक ऊर्जा यहाँ आते ही हमारी अंतर-आत्मा को जागृत कर देती है। मोदी ने कहा कि विश्वनाथ धाम का ये पूरा नया परिसर एक भव्य भवन भर नहीं है बल्कि ये हमारे भारत की सनातन संस्कृति का प्रतीक है। ये प्रतीक है हमारी आध्यात्मिक आत्मा का। ये प्रतीक है भारत की प्राचीनता का, परंपराओं का, भारत की ऊर्जा का गतिशीलता का। लगभग 339 करोड़ रुपये की लागत से बने श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के समय मोदी ने कहा कि आप यहाँ जब आएंगे तो केवल आस्था के दर्शन नहीं करेंगे। आपको यहाँ अपने अतीत के गौरव का अहसास भी होगा। कैसे प्राचीनता और नवीनता एक साथ सजीव हो रही हैं, कैसे पुरातन की प्रेरणाएं भविष्य को दिशा दे रही हैं, इसके साक्षात दर्शन विश्वनाथ धाम परिसर में हम कर रहे। उन्होंने कहा कि आज भगवान शिव का प्रिय दिन सोमवार है। आज विक्रम संवत 2078 मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष दशमी तिथि, एक नया इतिहास रच रही है। हमारा सौभाग्य है कि हम इस तिथि के साक्षी बन रहे हैं। पहले यहाँ जो मंदिर क्षेत्र केवल तीन हजार वर्ग फीट में था, वो अब करीब 5 लाख वर्ग फीट का हो गया है। अब मंदिर और मंदिर परिसर में 50 से 75 हजार श्रद्धालु आ सकते हैं। यानि पहले मां गंगा का दर्शन-स्नान, और वहां से सीधे विश्वनाथ धाम। काशी तो काशी है! काशी तो अविनाशी है। काशी में एक ही सरकार है, जिनके हाथों में डमरू है, उनकी सरकार है। जहां गंगा अपनी धारा बदलकर बहती हों, उस काशी को भला कौन रोक सकता है?

प्रमुख खबरें

UP MLC Election: बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर BJP प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लो 17676 वोटों से जीते

Ramayana 2000 Crore Budget | रामायण का 2,000 करोड़ रुपये का सफर... क्या रणबीर कपूर आमिर खान की दंगल को पछाड़ पाएंगे?

Auckland T20: ईडन पार्क में उमड़ेगा 40,000 दर्शकों का हुजूम, बिके सभी टिकट

Jio Platforms की शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत, 21 प्रतिशत से ज्यादा प्रीमियम पर लिस्ट