By अभिनय आकाश | Mar 06, 2022
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जन औषधि केंद्र के मालिकों और योजना के लाभार्थियों के साथ बातचीत करेंगे, जिसका उद्देश्य सस्ती जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के एक बयान में कहा गया है कि 'जन औषधि दिवस' के अवसर पर बातचीत के बाद पीएम मोदी का संबोधन होगा। आयोजन का विषय 'जन औषधि-जन उपयोगी' है।
बता दें कि जेनेरिक दवाओं के उपयोग और जन औषधि परियोजना के लाभों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए 1 मार्च से पूरे देश में जन औषधि सप्ताह मनाया जा रहा है। इस सप्ताह में, जन औषधि संकल्प यात्रा, मातृ शक्ति सम्मान, जन औषधि बाल मित्र, जन औषधि जन जागरण अभियान, आओ जन औषधि मित्र बने और जन औषधि जन आरोग्य मेला जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।