By अंकित सिंह | Oct 18, 2019
हरियाणा के गोहाना में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं लोकसभा के चुनाव में आपका आशीर्वाद लेने यहां नहीं पहुंच पाया था। लेकिन आपने न गिला किया, न शिकवा किया। पूरी ताकत से हमारा साथ दिया। तब से मेरा मन था कि एक बार आपके सामने जाकर आपको नमन करूं। आज ये सौभाग्य मुझे मिला है। पीएम मोदी ने कहा कि जनता जर्नादन तो ईश्वर का रूप होती है। लेकिन जो जनता जर्नादन को ईश्वर न मानते हुए खुद को ही शहंशाह मानने लग जाते हैं, अहंकार में सातवे आसमान में पहुंच जाते हैं तो उनका वही हाल होता है जो हरियाणा की जनता ने लोकसभा चुनाव में करके दिखाया है।
प्रधानमंत्री ने तंज करते हुए कहा कि अब तो देश भी यह जान गया है कि कांग्रेस को ये दर्द होता क्यों है? किसकी हमदर्दी किसके लिए है। आपने देखा होगा कि कांग्रेस के नेताओं के कश्मीर पर जो बयान आए वो किसके काम आ रहे हैं, उसका लाभ कौन उठा रहा है, कहां-कहां उसका इस्तेमाल किया जा रहा है। मोदी ने पूछा कि पाकिस्तान के साथ कांग्रेस की कौन सी केमिस्ट्री है? ये किसके लिए है? इस चुनाव में आपको इसका जवाब ढूंढना ही होगा। कांग्रेस को हरियाणा के उन वीर सपूतों की भावनाओं से बिल्कुल फर्क नहीं पड़ता, जो जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की सुरक्षा के लिए वहां डटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मोदी को जितना भला-बुरा कहना है, कहे, लेकिन भारत मां का तो गौरव करें। सीमाएं इतनी भी न लाघें कि जो देश का नुकसान हो। 370 को हटाने की सबसे बड़ी विरोधी रही कांग्रेस अब हरियाणा को संभालने के लिए कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हरियाणा की उन माताओं की, उन बेटियों की संवेदना का बिल्कुल ख्याल नहीं है, जिन्होंने अपने सपूतों को, अपने सुहाग को, अपने पिता को मां भारती के लिए शहीद होते हुए देखा है।