By अंकित सिंह | Apr 06, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कांग्रेस पर पाकिस्तान के विचारों से संबंध रखने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्षी दल के राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी रवैये की वजह से पाकिस्तान को बार-बार इसकी कीमत चुकानी पड़ी है। 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले असम के बरपेटा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने दावा किया कि भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पाकिस्तान के पक्ष में रुख अपनाया था। उन्होंने रक्षा और शासन व्यवस्था के क्षेत्र में पार्टी के व्यापक रिकॉर्ड की आलोचना को दोहराया।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस कभी जनता के बीच अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर नहीं जाती। जबकि बीजेपी सरकार, साफ नीयत से जनता को बताती है कि हमने जनता की सेवा के लिए क्या किया। मोदी ने कहा कि 2013 में जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब धान का एमएसपी मात्र 1,300 रुपए/क्विंटल था। आज धान का एमएसपी करीब 2,370 रुपए/क्विंटल है और असम की भाजपा सरकार अपनी तरफ से भी इसमें वृद्धि करती है। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले के 10 वर्षों में जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब देश के धान किसानों को एमएसपी के सिर्फ 4 लाख करोड़ रुपए मिले थे। लेकिन 2014 के बाद के 10 वर्षों में धान किसानों को हमारी सरकार ने 16 लाख करोड़ रुपये दिए हैं। साफ है कांग्रेस कभी धान किसानों का भला नहीं कर सकती।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए विधानसभा में और संसद में महिलाओं की भूमिका हो, ये बहुत जरूरी है, इसलिए हमारी सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इसमें महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तय हुआ है। देश की बहन बेटियों ने 40 साल तक इसका इंतजार किया है। इसलिए जरूरी है 2029 के लोकसभा चुनाव से ही महिलाओं को ये हक मिले। इसके लिए कानून में संशोधन आवश्यक है। इसलिए 16 अप्रैल से सरकार ने संसद का एक विशेष सत्र बुलाया है। हमने देश की सभी पार्टियों से इसकी चर्चा की है। हमने सभी से कहा है कि आइए, देश की बहनों बेटियों के हक से जुड़े इस काम को सर्वसम्मति से आगे बढ़ाएं।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने 60—65 साल के राज में हमारे आदिवासियों के साथ सबसे बड़ा अन्याय किया है। सबसे ज्यादा गरीबी आदिवासी क्षेत्रों में रही, हिंसा की बम बंदूक की सबसे बड़ी समस्या आदिवासी क्षेत्रों में रही। देश के आदिवासी समाज को कांग्रेस ने यही सब दिया। कांग्रेस खुलकर घुसपैठियों का साथ दे रही है। कांग्रेस, अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई का विरोध कर रही है। कांग्रेस असम में ऐसा कानून बनाने की बात भी कर रही है जिसके बाद घुसपैठिया शब्द बोलने वाले को भी जेल हो जाएगी। कांग्रेस, कानून में ही घुसपैठियों को पीड़ित घोषित कर देगी। यहां की जो मूल संतानें हैं, जो जनजातियां हैं उन पर जेल का खतरा मंडरा रहा होगा। हर इंटरव्यू में, अपने भाषण में कांग्रेस के बड़े बड़े नेता ऐसे असम विरोधी कानून की चर्चा कर रहे हैं। इसलिए भाजपा को दिया गया आपका वोट असम को सुरक्षा देगा, असम की पहचान बचाएगा।