Raju Srivastava के निधन पर मोदी-योगी, शेखर सुमन, भगवंत मान, अर्चना पूरन सिंह, कपिल शर्मा ने क्या कहा

By नीरज कुमार दुबे | Sep 21, 2022

प्रख्यात हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। राजू 58 वर्ष के थे और 40 दिन से अधिक समय से अस्पताल में भर्ती थे। हम आपको बता दें कि दिल्ली के एक होटल में व्यायाम करते समय 10 अगस्त को उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी ‘एंजियोप्लास्टी’ की गई थी। तभी से वह वेंटिलेटर पर थे और होश में नहीं आए। अस्पताल के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राजू श्रीवास्तव को बुधवार सुबह 10 बजकर करीब 20 मिनट पर मृत घोषित किया गया। राजू श्रीवास्तव का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 9.30 बजे दिल्ली में किया जायेगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, ''सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार, राजू श्रीवास्तव जी के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है। वे एक मंझे हुए कलाकार होने के साथ-साथ एक बेहद ज़िंदादिल इंसान भी थे। सामाजिक क्षेत्र में भी वे काफ़ी सक्रिय रहते थे। उनके शोकाकुल परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।’’

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राजू श्रीवास्तव का एक विशिष्ट अंदाज था और अपनी अद्भुत प्रतिभा से उन्होंने सभी को प्रभावित किया। उन्होंने कहा, ‘‘उनका निधन कला जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। मैं उनके परिजनों व प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दें।’’

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि राजू श्रीवास्तव के निधन का समाचार सुनकर वह नि:शब्द हो गए। उन्होंने कहा, ‘‘राजू श्रीवास्तव ने हास्य कला की दुनिया में अपनी एक अलग छाप छोड़ी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों एवं प्रशंसकों के साथ हैं।’’

सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने श्रीवास्तव को एक बेहतरीन कलाकार और ज़िंदादिल इंसान बताया और कहा कि अपनी कला व प्रतिभा से वह अनेकों कलाकारों के प्रेरणास्रोत बने। उन्होंने कहा, ‘‘राजू श्रीवास्तव का निधन दुःखद है। उनका जाना हास्य कला की एक विधा के युग का समापन है, उनके निधन से हुई रिक्तता की भरपाई सम्भव नहीं है।’’

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपनी अभिनव कला दक्षता द्वारा जीवनपर्यंत सभी का मनोरंजन करने वाले श्री राजू श्रीवास्तव जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना करता हूं। यहां बाइट लग जायेगी।

फिल्म निर्माता राकेश रोशन ने लिखा, ''राजू श्रीवास्तव, भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। ओम शांति।’’ हास्य कलाकार रहमान खान ने कहा कि राजू श्रीवास्तव जैसा कोई और नहीं हो सकता। उन्होंने ट्वीट किया, ''राजू भाई, आप जैसा ना कोई था, ना कोई आएगा, बहुत याद आओगे आप। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।’’ अभिनेत्री निमृत कौर और निर्देशक संजय गुप्ता ने भी राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक व्यक्त किया।

वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि ‘यश भारती' से सम्मानित मशहूर हास्य कलाकार श्री राजू श्रीवास्तव जी की दिवंगत आत्मा को भगवान शांति दें। भावभीनी श्रद्धांजलि!

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि Raju Srivastav जी ने अपने जीवन में हमें खूब हंसाया लेकिन आज ये खबर सुनकर बहुत दुख हो रहा है...। मान ने कहा कि उनके साथ काफी काम किया और बहुत कुछ सीखने को भी मिला... राजू जी भले ही शारीरिक तौर पर हमारे बीच नहीं हैं पर उनकी अदाकारी हमेशा दिलों में जीवित रहेगी। मान ने लिखा- We'll miss you "Gajodhar Bhaiya".

वहीं राजू के कई शो में जज रह चुके शेखर सुमन ने कहा है कि राजू जिंदादिल इंसान थे हम उन्हें सदा याद रखेंगे। शेखर सुमन ने कहा कि राजू श्रीवास्तव अद्वितीय और अनुपम थे। वहीं अर्चना पूरन सिंह और कपिल शर्मा ने भी राजू श्रीवास्तव के निधन पर दुख जताया है। इसी के साथ ही राजू के साथ काम कर चुके विभिन्न कलाकार भी उनके साथ जुड़ी हुई अपनी यादें साझा कर रहे हैं।

जहां तक राजू श्रीवास्तव के राजनीतिक कॅरियर की बात है तो आपको बता दें कि कुछ समय तक समाजवादी पार्टी का हिस्सा रहने के बाद 2014 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। वह वर्तमान में उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष भी थे। राजू श्रीवास्तव के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं। 

मनोरंजन जगत में 1980 के दशक के अंत से सक्रिय राजू श्रीवास्तव को 2005 में स्टैंड-अप कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के पहले सीजन में भाग लेने के बाद काफी लोकप्रियता मिली थी। उन्होंने ‘मैंने प्यार किया’, ‘बाजीगर’, ‘बॉम्बे टू गोवा’ (रीमेक) और ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया। वह ‘बिग बॉस’ सीजन तीन में भी नजर आए थे।

प्रमुख खबरें

UP में विकास और Infrastructure प्रोजेक्ट्स समय पर पूरे हों, सीएम Yogi Adityanath के कड़े निर्देश

Delhi Police ने Rahul Gandhi और Priyanka Gandhi पर दर्ज कीं 4 FIR

Elon Musk के अंबानी वाले सवाल पर बोले Rahul Gandhi, दूसरे व्यक्ति से मिलेंगे तो और पता चलेगा

विवाद में उलझा Arunachal Pradesh, Ranji Trophy के पहले मैच से बाहर होने का खतरा