12 सितंबर को एकलव्य विद्यालय योजना का उद्घाटन करेंगे PM मोदी: अर्जुन मुंडा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 10, 2019

रांची। केन्द्र में जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने मंगलवार को यहां बताया भाजपा नीत राजग सरकार ने नवोदय विद्यालय की तर्ज पर लगभग 11 हजार करोड़ रुपये की लागत से 462 एकलव्य विद्यालय स्थापित करने का निर्णय किया है। 12 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रांची में इस योजना का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र की राजग सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले 100 दिनों के भीतर आदिवासी छात्रों की शिक्षा के साथ उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से ऐसे विद्यालय स्थापित करने का निर्णय किया है। 

 

उन्होंने बताया कि देश के सभी राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों में प्रथम चरण में कुल 462 एकलव्य विद्यालय स्थापित किये जायेंगे। इनमें से 69 विद्यालय झारखंड राज्य में होंगे जहां की जनसंख्या में लगभग 28 प्रतिशत आदिवासी आते है। झारखंड के खूंटी से लोकसभा सदस्य मुंडा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 सितंबर की अपनी रांची यात्रा में झारखंड विधानसभा के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन के साथ एकलव्य विद्यालय निर्माण की इस महत्वाकांक्षी योजना का भी शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री राज्य सरकार की कुछ अन्य योजनाओं के साथ इस यात्रा में साहिबगंज में नवनिर्मित मल्टी मॉडल टर्मिनल (बंदरगाह) का भी आनलाइन उद्घाटन करेंगे।

इसे भी पढ़ें: सोनिया गांधी से मुलाकात न हो पाने से सिंधिया समर्थक निराश, PCC चीफ पर संशय बरकरार

एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि इस योजना में देश के आदिवासी बहुल इलाकों को प्रमुखता से शामिल किया जायेगा। उन्होंने बताया कि एकलव्य विद्यालयों की स्थापना देश में स्थापित नवोदय विद्यालयों की तर्ज पर की जायेगी और यह मुख्यत: ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित होंगे। केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि प्रारंभ में प्रत्येक एकलव्य विद्यालय की स्थापना पर केन्द्र सरकार 24 करोड़ रुपये व्यय करेगी। मुंडा ने बताया कि प्रत्येक एकलव्य विद्यालय में कम से कम चार खेलों के प्रशिक्षण की उचित व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने कहा कि जिन आदिवासी क्षेत्रों में कम से कम बीस हजार की आबादी का निवास होगा वहां ऐसे विद्यालयों की स्थापना पर सरकार विचार कर सकती है।

 

प्रमुख खबरें

दो साल में आवास ऋण बकाया 10 लाख करोड़ रुपये बढ़ा : RBI आंकड़े

Modi के 400 पार के नारे के साथ दिखी Mumbai की जनता, जताया जीत का विश्वास

अंगदान दर में सुधार के लिए ICU में मस्तिष्क मृत्यु के मामलों की निगरानी करें : केंद्र

BJP ने पैसे के बल पर संदेशखालि का ‘झूठ’ फैलाया, Mamata Banerjee ने कहा- घड़ियाली आंसू बहाना बंद करें Modi