India Nordic Summit के लिए Europe जाते समय UAE में थोड़ी देर के लिए रुकेंगे PM Modi ! West Asia में होने वाला है बड़ा खेल

By नीरज कुमार दुबे | Apr 30, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने नॉर्वे में आयोजित भारत नॉर्डिक सम्मेलन में भाग लेने के लिए यूरोप यात्रा पर जा रहे हैं और इसी दौरान उनके संयुक्त अरब अमीरात में एक संक्षिप्त लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण ठहराव की संभावना जताई जा रही है। यह प्रस्तावित ठहराव पश्चिम एशिया में जारी अमेरिका ईरान संघर्षविराम के बीच भारत की सक्रिय कूटनीतिक भूमिका का संकेत है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री की यूएई यात्रा अभी अंतिम रूप में तय नहीं हुई है, लेकिन इस पर गंभीर स्तर पर चर्चा चल रही है। हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल भी यूएई का दौरा करके आये हैं और माना जा रहा है कि उन्होंने वहां प्रधानमंत्री की संक्षिप्त यात्रा कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया है जिसकी घोषणा जल्द ही कर दी जायेगी।

इसे भी पढ़ें: China, Bangladesh, Nepal, Sri Lanka के साथ सहयोग बढ़ाकर मोदी ने बदल डाले South Asia के समीकरण

ऊर्जा सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह दौरा भारत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण पारंपरिक ऊर्जा आपूर्ति मार्ग प्रभावित हो रहे हैं, ऐसे में भारत वैकल्पिक आपूर्ति शृंखला को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। यूएई के साथ हाल में हुए गैस समझौते और आर्थिक गलियारे पर संभावित चर्चा इस दिशा में निर्णायक साबित हो सकती है। प्रवासी भारतीयों की चिंता भी इस यात्रा के केंद्र में है। खाड़ी देशों में बसे लाखों भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही भारत और यूएई के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति संभव है।

दूसरी ओर, भारत नॉर्डिक सम्मेलन इस पूरे दौरे का प्रमुख केंद्र है। यह एक अनूठा मंच है जहां भारत नॉर्वे, स्वीडन, फिनलैंड, डेनमार्क और आइसलैंड के नेताओं के साथ सामूहिक संवाद करता है। यह सम्मेलन पहले 2018 में स्टॉकहोम और 2022 में कोपेनहेगन में आयोजित हो चुका है, जबकि तीसरा सम्मेलन मई 2026 में ओस्लो में प्रस्तावित है। इस सम्मेलन का दायरा अत्यंत व्यापक है। इसमें हरित प्रौद्योगिकी, जलवायु परिवर्तन, डिजिटल नवाचार, समुद्री अर्थव्यवस्था और वैश्विक सुरक्षा जैसे विषय शामिल हैं। हम आपको बता दें कि नॉर्डिक देश स्वच्छ ऊर्जा और तकनीकी नवाचार में अग्रणी हैं और भारत के साथ उनका सहयोग वैश्विक विकास के नए मानक तय कर सकता है।

भारत और नॉर्डिक देशों के संबंध रणनीतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। यह साझेदारी तकनीकी विशेषज्ञता और आर्थिक विस्तार का अद्भुत संगम है। हरित ऊर्जा, ब्लू अर्थव्यवस्था और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में दोनों पक्षों का सहयोग तेजी से बढ़ रहा है। आर्कटिक क्षेत्र में संयुक्त अनुसंधान और जलवायु अध्ययन भी इस साझेदारी को नई गहराई प्रदान करते हैं। हम आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी की नॉर्डिक नीति नवाचार और स्थिरता पर आधारित है। यह नीति पारंपरिक व्यापार से आगे बढ़कर कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उन्नत संचार तकनीक और भविष्य की अर्थव्यवस्था पर केंद्रित है। साथ ही निवेश को आकर्षित करने के लिए आर्थिक समझौतों को भी गति दी जा रही है।

यदि इस सम्मेलन के वैश्विक प्रभाव की बात करें तो यह केवल एक क्षेत्रीय पहल नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक प्रयोगशाला की तरह है। जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए यहां विकसित मॉडल अन्य देशों के लिए मार्गदर्शक बन सकते हैं। साथ ही भारी उद्योगों के प्रदूषण को कम करने के प्रयास वैश्विक स्तर पर नई दिशा दे सकते हैं। इसके अलावा, आर्कटिक क्षेत्र में सहयोग से वैश्विक व्यापार मार्गों में बदलाव संभव है। उत्तरी समुद्री मार्ग के विकसित होने से एशिया और यूरोप के बीच दूरी और समय दोनों कम हो सकते हैं। इसके साथ ही डिजिटल और तकनीकी सहयोग वैश्विक शक्ति संतुलन को नया रूप दे सकता है।

समग्र रूप से देखा जाये तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा एक व्यापक रणनीतिक पहल है। यह पश्चिम एशिया में स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा और भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा को मजबूत करती है, वहीं नॉर्डिक देशों के साथ सहयोग के माध्यम से भारत को वैश्विक नवाचार और स्थिर विकास का केंद्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ाती है। यह यात्रा भारत की उभरती वैश्विक भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने का संकेत देती है।

प्रमुख खबरें

10 रुपए का नोट...क्या इस कथित स्कैम की वजह से चुनाव हार जाएंगी ममता बनर्जी? बंगाल में कैसे BJP ने खेला कर दिया

Indian Rupee Crash | रुपया ऐतिहासिक निचले स्तर 95.34 पर गिरा, पश्चिम एशिया संकट और क्रूड की आग ने बिगाड़ा बाजार का गणित | West Asia Crisis

Supreme Court: Pawan Khera की जमानत याचिका पर असम पुलिस का कड़ा विरोध, जालसाजी की जांच के लिए मांगी हिरासत

The Devil Wears Prada 2 Critics Reviews | स्टाइलिश सीक्वल को दोहराए गए प्लॉट के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा