By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 31, 2025
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान को शुक्रवार को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के विकास में उनकी भूमिका की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘वह रामविलास पासवान जी के आदर्शों को पूरा करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करे।’’ पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का एक प्रमुख घटक है।
बिहार में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन में नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड), पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा और जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा शामिल हैं। बिहार में मतदान छह और 11 नवंबर को होगा तथा मतगणना 14 नवंबर को होगी।