By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026
(फाइल फोटो के साथ) खड़गपुर (पश्चिम बंगाल), 21 नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत ने पिछले 12 वर्ष में दिखाया है कि देश सोच की सीमाओं को तोड़कर अपनी क्षमताओं को पहचान सकता है, नए अवसर पैदा कर सकता है और गरीबों को सशक्त बना सकता है। मोदी ने साथ ही कहा कि ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए अगले दो दशक महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने ‘‘सीमाएं तोड़ने और नयी संभावनाओं के द्वार खोलने’’ का अपना संकल्प स्पष्ट रूप से व्यक्त कर दिया है।
चुनौतियों से निपटने के अपने दृष्टिकोण पर जोर देते हुए मोदी ने कहा कि वह किसी चुनौती को बिना चुनौती दिए नहीं छोड़ सकते। उन्होंने कहा, ‘‘मैं ऐसा व्यक्ति हूं जिसकी आदत चुनौतियों को चुनौती देने की है।’’ मोदी ने कहा कि लोग अक्सर खुद ही अपने लिए सीमाएं तय कर लेते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘देश को अपनी क्षमताओं का पता तभी चलता है, जब वह सोच की सीमाओं को तोड़ता है।
पिछले कुछ वर्षों में भारत ने यही करके दिखाया है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्ष में उनकी सरकार ने गरीबी को लेकर पुरानी सोच बदलने और विभिन्न पहलों के जरिए लोगों को सशक्त बनाने के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, ‘‘पहले गरीबी हटाने की लालकिले से केवल बातें की जाती थीं लेकिन फाइलें बनाने के अलावा कुछ नहीं किया गया।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों का यही रवैया था। मोदी ने कहा कि देश में गरीबी को एक स्थायी समस्या मान लिया गया था और दशकों तक इसे खत्म करने के नारे लगाए जाते रहे लेकिन उसके अनुरूप नीतियों में कोई बदलाव नहीं किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैंने शौचालय बनवाने की लालकिले से घोषणा की थी, तब संसद में कुछ लोगों ने इसका मजाक उड़ाया था। वे यह नहीं समझ पाए कि गरीब माताओं और बहनों के लिए शौचालय की सुविधा कितनी महत्वपूर्ण है।’’ मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्ष में केंद्र सरकार ने इस सोच को बदलने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि वह ‘‘पावर टू एम्पावर’’ यानी शक्ति का इस्तेमाल लोगों को सशक्त बनाने के लिए करने के सिद्धांत में विश्वास करते हैं।
मोदी ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12-13 वर्ष में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। यह सीमाएं तोड़ने में विश्वास रखने वाली सोच का परिणाम है।’’ राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखने के महत्व पर जोर देते हुए मोदी ने विद्यार्थियों से ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र का पालन करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों के लिए नए अवसर पैदा होंगे और देश के विकास में भी योगदान मिलेगा। प्रधानमंत्री ने आईआईटी खड़गपुर के विद्यार्थियों और शिक्षकों से अगले 20 वर्ष में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम करने का संकल्प लेने को कहा। मोदी ने कहा, ‘‘वर्ष 2047 तक आपमें से कई लोग नेतृत्व करने वालों की भूमिकाओं में होंगे... आइए संकल्प लें कि अगले 20 वर्ष में हम ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य हासिल करेंगे और इसे साकार करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि आने वाले दो दशक विद्यार्थियों के जीवन के सबसे अधिक उपलब्धियों वाले वर्ष होंगे और देश के लिए भी निर्णायक साबित होंगे।
प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर और अंतरिक्ष क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि जिन पहलों को कभी मुश्किल या असंभव माना जाता था, वे अब वास्तविकता बन रही हैं। मोदी ने कहा कि करीब 50 वर्ष पहले एक कंपनी भारत में सेमीकंडक्टर का निर्माण करने के लिए आई थी, लेकिन उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया गया था। उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार ने सेमीकंडक्टर मिशन की घोषणा की, तो कुछ लोगों ने कहा था कि भारत यह अवसर पहले ही गंवा चुका है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम आगे बढ़े और मिशन शुरू किया। आज भारत ने चिप का निर्यात शुरू कर दिया है।’’ मोदी ने कहा कि निजी कंपनियों के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र खोलने से युवा उद्यमियों और नवोन्मेषकों के लिए भी अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र और स्काईरूट एयरोस्पेस के सह-संस्थापक पवन कुमार चांदना का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत के पहले निजी तौर पर विकसित रॉकेट पर उनकी कंपनी के काम से देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नयी गति मिली है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कई अंतरिक्ष स्टार्टअप अब भारत की अंतरिक्ष संबंधी आकांक्षाओं को पूरा करने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्रों के योगदान से उन संभावनाओं को वास्तविकता में बदलने में मदद मिली है, जिन्हें कभी हासिल करना असंभव माना जाता था। मोदी ने संस्थान की 75 वर्ष की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के कुछ समय बाद स्थापित आईआईटी खड़गपुर ने देश में आए बदलावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि जब इस संस्थान की स्थापना हुई थी, तब भारत को आजाद हुए कुछ ही समय हुआ था और देश में पहले आम चुनाव भी नहीं हुए थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि उस समय देश को उद्योगों और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए इंजीनियरों की जरूरत थी तथा बाद में संस्थान के स्नातकों ने अंतरिक्ष एवं परमाणु ऊर्जा कार्यक्रमों सहित देश की वैज्ञानिक क्षमताओं को मजबूत करने में योगदान दिया। मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल ऐसी धरती है, जहां विचारों को मजबूती मिली और राष्ट्रीय आंदोलनों ने आकार लिया।
उन्होंने कहा कि आईआईटी खड़गपुर उस स्थान पर स्थित है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों को हिरासत में रखने के लिए एक शिविर था। उन्होंने कहा, ‘‘स्वराज की आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक की यात्रा ही विकसित भारत के निर्माण की वास्तविक प्रेरक शक्ति है।’’ मोदी ने विद्यार्थियों से इस स्थान पर हिरासत में रखे गए स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और बलिदान से प्रेरणा लेने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा, ‘‘कल्पना कीजिए कि यहां रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी दिनभर किन विषयों पर बातचीत करते होंगे और क्या सोचते होंगे।’’ उन्होंने कहा कि उन स्वतंत्रता सेनानियों के विचार और गतिविधियां आज भी पीढ़ियों को प्रेरित कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 75 वर्ष में भारत में भी जबरदस्त बदलाव आया है और देश ‘‘बैलगाड़ियों से बुलेट ट्रेन तक तथा डाक से भेजे जाने वाले पत्रों से सोशल मीडिया संदेशों के’’ दौर तक पहुंच गया है। मोदी ने कहा कि भारत जब ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, तब आईआईटी खड़गपुर का 75 वर्ष का अनुभव देश के विकास और नवोन्मेष के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने संस्थान से इस संकल्प के साथ काम करने का आग्रह किया कि जब वह अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने का समारोह मनाए, तब तक भारत विकसित राष्ट्र बन चुका हो।
मोदी ने विश्वास जताया कि आईआईटी खड़गपुर अनुसंधान, नवोन्मेष और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रगति के जरिए देश की आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।