असम में बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा केंद्र: पीएम मोदी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026

नयी दिल्ली, 28 जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार असम में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने संसद भवन परिसर में असम के केंद्रीय मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों से मुलाकात के बाद यह बात कही। इस साल अब तक, बाढ़ की वजह से राज्य में 68 लोगों की मौत हो चुकी है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के मुताबिक शिवसागर, गोलाघाट, चराइदेव, जोरहाट, नगांव और कामरूप (मेट्रोपॉलिटन) जिलों में कुल 4,45,495 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। एएसडीएमए के मुताबिक, बाढ़ पीड़ितों के लिए कुल 90 राहत शिविर संचालित किये जा रहे हैं और इनमें 28,695 लोगों ने आश्रय लिया है। इसके अलावा, 94 राहत वितरण केंद्र भी काम कर रहे हैं।

बुलेटिन के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और सिविल डिफेंस के जवानों समेत कई एजेंसियां ​​बचाव और राहत कार्य में शामिल हैं तथा प्रभावित इलाकों में 67 नौकाएं तैनात की गई हैं। एएसडीएमए के मुताबिक, बाढ़ की वजह से 37,139.52 हेक्टेयर में लगी फसल जलमग्न हो गई और 26,679 मवेशी बह गए। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ।

उन्होंने बताया कि कई जिलों में जलस्तर घट रहा है। अधिकारियों ने बताया कि एक केंद्रीय टीम ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए सर्वाधिक प्रभावित जिलों में से एक, शिवसागर का दौरा किया।

प्रमुख खबरें

संदर्भ धर्मेंद्र प्रधान का त्यागपत्र- छात्रों से संवाद की ओर बढ़ते कदम

CM Revanth Reddy ने Shivraj Chauhan से मुलाकात की, किसानों-आवास योजनाओं के विस्तार की मांग

Jan Gan Man: लाठी से चलेगा लोकतंत्र? सुप्रीम कोर्ट के सवाल पर मोदी सरकार का जवाब कई संदेश दे गया

क्या वे आतंकवादी हैं? Priyanka Gandhi का PM Modi-Amit Shah से सवाल, छात्रों पर Pellet Gun क्यों?