PM Modi ने Chhattisgarh स्थापना दिवस पर दी बधाई, बोले- माओवाद ग्रस्त इलाके बने विकास के केंद्र

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 01, 2026

रायपुर, एक नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कभी माओवाद से प्रभावित रहे राज्य के इलाके अब शांति, विश्वास और विकास के केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। मोदी ने शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लिखे एक पत्र में कहा कि माओवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता से राज्य में विकास के लिए नया माहौल तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि नए हवाई अड्डों, 51,000 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं, लाखों परिवारों के लिए कल्याणकारी योजनाओं और प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के विकास से छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

छत्तीसगढ़ एक नवंबर 2000 को मध्यप्रदेश से अलग होकर अस्तित्व में आया था। राज्य को 31 मार्च 2026 को नक्सलवाद से मुक्त घोषित किया गया था। इसके साथ ही क्षेत्र में चार दशक से जारी माओवादी उग्रवाद का अंत हुआ।

मोदी ने कहा कि माओवाद लंबे समय तक राज्य के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक रहा, लेकिन इस खतरे को खत्म करने में निर्णायक सफलता मिली है। इससे विकास के लिए नया माहौल बना है और संपर्क सुविधाओं तथा आधुनिक बुनियादी ढांचे के विस्तार को गति मिली है। प्रधानमंत्री ने पिछले साल राज्य के रजत जयंती समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ की अपनी यात्रा को याद करते हुए कहा कि नए विधानसभा भवन का उद्घाटन करना उनके लिए यादगार अनुभव था।

राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि 25 साल पहले दिल्ली और रायपुर के बीच प्रतिदिन केवल एक उड़ान होती थी, जबकि अब छत्तीसगढ़ में चार आधुनिक हवाई अड्डों का नेटवर्क है। उन्होंने कहा कि राज्य में 51,000 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है और वंदे भारत तथा अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेन सेवाएं भी शुरू की गई हैं। मोदी ने कहा कि सड़कों के निर्माण से रायपुर और बिलासपुर के बीच यात्रा का समय लगभग आधा हो गया है।

विशाखापत्तनम और रांची-धनबाद जैसे प्रमुख आर्थिक केंद्रों से राज्य को जोड़ने वाले प्रस्तावित एक्सप्रेसवे से संपर्क सुविधाओं, उद्योगों और रोजगार के अवसरों को और बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने राज्य में धान खरीद व्यवस्था का भी उल्लेख किया और कहा कि 25 लाख से अधिक किसानों को ऐसी व्यवस्था का लाभ मिल रहा है, जिससे उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं।

इस बीच, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य का 26वां स्थापना दिवस इस साल ऐतिहासिक और विशेष है, क्योंकि माओवाद के खतरे से मुक्ति के बाद यह पहला स्थापना दिवस है। राज्य को 31 मार्च 2026 को नक्सलवाद से मुक्त घोषित किया गया था। इसके साथ ही क्षेत्र में चार दशक से जारी माओवादी उग्रवाद का अंत हुआ।

साय ने शनिवार देर रात जारी एक वीडियो संदेश में राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ के गठन के 26 साल पूरे होना सभी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा, इस साल का राज्योत्सव कई मायनों में ऐतिहासिक और विशेष है। यह पहला स्थापना दिवस है, जब लाल आतंक से मुक्त छत्तीसगढ़ शांति, विश्वास और विकास के एक नए दौर की ओर बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और केंद्र तथा राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारों के निरंतर प्रयासों से संभव हुई है। साय ने कहा कि सुरक्षाबलों के जवानों के अद्वितीय साहस, वीरता और बलिदान का इस सफलता में अविस्मरणीय योगदान रहा है और राज्य हमेशा उनका आभारी रहेगा।

प्रमुख खबरें

Cyclone Murasu बंगाल की खाड़ी में बना, IMD ने Andhra Pradesh तट से टकराने की चेतावनी दी

सिर्फ 30 सेकेंड में बनाएं परफेक्ट मेसी बन, अपनाएं डबल रबर बैंड ट्रिक

देश और दुनिया की प्रमुख खबरें, PM Modi ने गरीबी में ऐतिहासिक गिरावट को सराहा

Nepal के शे-फोक्सुंडो में भारी बर्फबारी, 6 Indian Tourists फंसे