PM Modi ने flydubai के घायल कैप्टन Smit Machhar से बात कर सराहा अदम्य साहस

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 02, 2026

नयी दिल्ली, दो अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बात की और उनकी बहादुरी की सराहना की। कैप्टन स्मित ने इजराइल जा रहे फ्लाईदुबई के विमान को कथित तौर पर दुर्घटनाग्रस्त करने की अपने सह-पायलट की कोशिश को नाकाम कर दिया था। सरकारी सूत्रों के अनुसार, फोन पर हुई बातचीत के दौरान मच्छार ने इस घटना के अपने अनुभव और मुश्किल परिस्थिति में साहस जुटाने के बारे में प्रधानमंत्री को बताया।

प्रधानमंत्री ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए यह भी कहा था कि फ्लाईदुबई विमान के पायलट ने अद्भुत धैर्य, सूझबूझ और बहादुरी दिखाई। उन्होंने कहा था, ‘‘जैसा कि इजराइल के प्रधानमंत्री (बेंजामिन नेतन्याहू) ने भी कहा कि इस भारतीय सपूत ने 9/11 जैसी भयानक साजिश को नाकाम कर दिया। स्मित की इस बहादुरी से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।’’ मोदी ने मच्छार की पत्नी और उनके माता-पिता से भी बात की और सैकड़ों लोगों की जान बचाने के उनके साहस को नमन किया।

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 ने बुधवार को आपात संकेत भेजे थे। इसके बाद विमान 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से 17,000 फुट से अधिक नीचे आ गया। बाद में उसका मार्ग सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाईअड्डे की ओर मोड़ दिया गया।

विमान में 27 बच्चों समेत 174 यात्री सवार थे। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में पायलट खून से लथपथ, ऑक्सीजन मास्क पहने और विमान की ‘गैली’ में पीठ के बल लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने पहले के बयान में कहा था कि एक इजराइली यात्री ने उन्हें बताया कि विमान तेजी से घूमने लगा और नीचे उतरने लगा।

इसके बाद यात्री और चालक दल का एक सदस्य कॉकपिट में घुसने में कामयाब रहा और दोनों ने मिलकर उस पायलट पर काबू पाया, जिसने विमान की प्रणाली को नुकसान पहुंचाने की कोशिश के दौरान मच्छार पर चाकू से हमला किया था।

प्रमुख खबरें

शहबाज-जरदारी के बीच बड़ी बैठक, खैबर पख्तूनवा में लगेगी इमरजेंसी?

CEC के खिलाफ Jantar Mantar पर प्रदर्शन, AAP नेताओं समेत 500 से अधिक हिरासत में

काम के लिए बाली गई थीं Nushrratt Bharuccha, हादसे ने बदला पूरा शेड्यूल; अब मुंबई में होगी सर्जरी

2 दिन में पेशावर में लहरा देंगे झंडा! तालिबान का ऐलान, पाकिस्तान हुआ परेशान