भाजपा स्थापना दिवस पर 'परिवारवादी' पार्टियों पर बरसे मोदी, बताया लोकतंत्र का दुश्मन

By नीरज कुमार दुबे | Apr 06, 2022

देश के राजनीतिक इतिहास में छह अप्रैल का दिन खास अहमियत रखता है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 1980 में आज ही के दिन हुई थी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा 1951 में स्थापित भारतीय जन संघ से इस नयी पार्टी का जन्म हुआ था। अटल बिहारी वाजपेयी ने मुंबई में हुए अधिवेशन में भाजपा की नींव रखी थी और पार्टी के पहले अध्यक्ष भी चुने गये थे। दो सांसदों वाली पार्टी से 300 से ज्यादा सांसदों वाली पार्टी बनी भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी सदस्य संख्या वाली राजनीतिक पार्टी भी है। हाल ही में उसके राज्यसभा में भी 100 सांसद हो गये हैं। यही नहीं आज देश में भाजपा या भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए की 18 राज्यों में सरकार है। केंद्र में भी भाजपा लगभग आठ साल से सरकार चला रही है। हाल ही में चार राज्यों के विधानसभा चुनाव जीतकर भाजपा के हौसले बुलंद हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा और कहा कि भारतीय जनता पार्टी जहां ‘‘राष्ट्र भक्ति’’ को समर्पित है वहीं विरोधी दलों का समर्पण ‘‘परिवार भक्ति’’ के प्रति है। परिवारवादी पार्टियों को लोकतंत्र का दुश्मन करार देते हुए मोदी ने यह भी कहा कि ऐसे दल संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को कुछ नहीं समझते, उन्होंने देश की प्रतिभा तथा युवा शक्ति को कभी आगे नहीं बढ़ने दिया बल्कि हमेशा उनके साथ ‘‘विश्वासघात’’ किया।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज नवरात्रि की पांचवीं तिथि भी है। आज के दिन हम मां स्कंदमाता की पूजा करते हैं। मां स्कंदमाता कमल पर विराजमान होती हैं और अपने दोनों हाथों में कमल थामे रहती हैं। इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा मुख्यालय पर ध्वजारोहण किया और पार्टी के विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने पार्टी मुख्यालय में एक रक्तदान शिविर का भी उद्घाटन किया। नड्डा ने बाद में दिल्ली के राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में एक जुलूस में भी हिस्सा लिया। हम आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद राजेंद्र नगर की सीट पर उपचुनाव होना है। इस कड़ी में राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने अभी से चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। नड्डा आज पहली बार विदेशी दूतों के एक समूह के साथ बातचीत भी करेंगे और उन्हें पार्टी की विचारधारा, संस्कृति और कामकाज से अवगत कराएंगे। पार्टी के प्रवासी मामलों के प्रकोष्ठ के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने कहा कि नड्डा की एशियाई और यूरोपीय देशों के 13 राजदूतों के साथ बातचीत ‘भाजपा को जानो’ नामक कार्यक्रम के तहत होगी।

इसे भी पढ़ें: बड़ी रोचक है भाजपा की राजनीतिक विकास यात्रा

इसके अलावा भाजपा सात अप्रैल से 20 अप्रैल तक देश भर में सामाजिक न्याय के मुद्दे पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाएंगे। साथ ही 14 अप्रैल को बीआर आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में अभियान के दौरान भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बहरहाल, आज भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री, केंद्रीय मंत्री आदि भी भाजपा के झंडे को फहरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ खुशियां बांट रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Shankh Benefits: शंखनाद से खत्म होती है Negative Energy, मानसिक शांति के साथ बढ़ता है आत्मबल

Tarun Tejpal केस: 10 साल की सजा के खिलाफ याचिका पर Supreme Court ने गोवा पुलिस को भेजा नोटिस

UNGA में वॉकआउट का ड्रामा! Benjamin Netanyahu का भाषण शुरू होते ही खाली हुआ हॉल, इजराइली PM बोले- निकलो यहाँ से नैतिक कायरों!

Kerala में CPI(M) को निशाना बना रहा Modi-ED-VD गठजोड़, MV Govindan का आरोप