पीएमएल नेता Maryam Nawaz चार महीने बाद ब्रिटेन से पाकिस्तान लौटीं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 28, 2023

पीएमएल-एन की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मरियम नवाज अहम एसेम्बली चुनाव से पहले अपनी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए शनिवार को पाकिस्तान लौट आयीं। करीब चार महीने पहले वह अपने पिता एवं पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मिलने लंदन गयी थीं। पार्टी की मुख्य संगठनकर्ता बनायी गयीं मरियम नवाज (49) अबू धाबी से यहां अलम्मा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं। वैसे विमान में चिकित्सा आपातस्थिति के चलते उनकी उड़ान में एक घंटे की देरी हुई। पाकिस्तान वापस आने के बाद उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ पाकिस्तान जिंदाबाद।’’

इस माह के प्रारंभ में मरियम नवाज को पीएमएल-एन की मुख्य संगठनकर्ता नियुक्त किये जाने के बाद ऐसी संभावना है कि देश के राजनीतिक घटनाक्रम में उनकी भूमिका और अहम होगी। पीएमएल -एन सुप्रीमो नवाज शरीफ ने मरियम नवाज और गृहमंत्री राणा सनाउल्लाह को पंजाब में आगामी चुनाव से पहली रैलियां एवं सभाएं करने के लिए अधिकृत किया है। पंजाब से पीएमएल-एन के एक नेता ने डॉन अखबार को बताया कि पार्टी में मरियम नवाज की पदोन्नति नवाज शरीफ की ओर से प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अगुवाई वाले धड़े के लिए स्पष्ट संकेत है कि उनके उत्तराधिकारी वह नहीं बल्कि मरियम नवाज होंगी।

अखबार की खबर में इस नेता के हवाले से कहा गया है, ‘‘ अंतत: मरियम ही पार्टी का नेतृत्व करेंगी क्योंकि यही पीएमएल-एनके सर्वोच्च नेता (नवाज) की मर्जी है। उन्हें (मरियम नवाज को) खासकर मुख्य संगठनकर्ता का जो नया पद दिया गया है, उसने उन्हें पहले ही अपनी मर्जी से पार्टी को चलाने के लिए अधिकृत कर दिया है।’’ पंजाब के नेता ने कहा, ‘‘ पार्टी मामलों में शहबाज शरीफ और उनके बेटे हमजा शरीफ का प्रभाव आने वाले दिनों में घटेगा। वह (मरियम नवाज) पार्टी की शीर्षतम बॉस होंगी। बताया जा रहा है कि मरियम भी पंजाब में पार्टी मामलों को अपने हाथों में लेने को इच्छुक हैं खासकर पिछले साल उपचुनाव में इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक -ए-इंसाफ के हाथों मिली अपमानजनक हार के बाद।

प्रमुख खबरें

PM Narendra Modi गुजरात में 14000 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

Israel Election: संसद में बहुमत गंवाने के बाद Benjamin Netanyahu की पार्टी ने लगाए धांधली के आरोप

Bhutan Glacial Lake Outburst | भूटान में ग्लेशियल झील फटने से असम और उत्तर बंगाल में बाढ़ की चेतावनी, कई जिले हाई अलर्ट पर

Greater Noida में वित्तीय गड़बड़ी पर PNB का भरोसा, ग्राहकों के सभी वैध दावों का होगा निपटारा