PNB डिजिटल कारोबार से बढ़ाएगा गैर-ब्याज आय, क्रेडिट कार्ड से हर तिमाही 200 करोड़ मुनाफे का लक्ष्य

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026

(कुमार दीपांकर) नयी दिल्ली, 15 नवंबर सार्वजनिक क्षेत्र का पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) डिजिटल कारोबार के विस्तार के जरिये अपनी गैर-ब्याज आय बढ़ाने की तैयारी में है। बैंक को उम्मीद है कि अगले वित्त वर्ष से क्रेडिट कार्ड और नकदी प्रबंधन सेवा कारोबार से उसे प्रत्येक तिमाही में करीब 200-200 करोड़ रुपये का मुनाफा होगा। इसके साथ ही बैंक आपूर्ति श्रृंखला वित्तपोषण को भी प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र के रूप में विकसित कर रहा है।

पीएनबी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अशोक चंद्रा ने पीटीआई-भाषा के साथ साक्षात्कार में कहा कि बैंक ने क्रेडिट कार्ड, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन और नकदी प्रबंधन सेवा के लिए अलग-अलग डिजिटल मंच तैयार किए हैं। इन तीनों कारोबार क्षेत्रों की जिम्मेदारी महाप्रबंधक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है, ताकि इनके विस्तार और लाभप्रदता पर विशेष ध्यान दिया जा सके। चंद्रा के मुताबिक, बैंक इन पहल के माध्यम से शुल्क आधारित आय बढ़ाना चाहता है।

आने वाले समय में ट्रेजरी से होने वाली कमाई और ऋण वसूली से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए गैर-ब्याज आय के नए स्रोत विकसित करना महत्वपूर्ण हो गया है। सार्वजनिक क्षेत्र के दूसरे सबसे बड़े ऋणदाता पीएनबी का क्रेडिट कार्ड कारोबार वर्ष 2008 में शुरू हुआ था। मार्च, 2025 तक बैंक के क्रेडिट कार्ड ग्राहकों की संख्या करीब 6.04 लाख थी।

हालांकि, डिजिटल मंच शुरू होने के बाद अगले नौ माह में बैंक ने पांच लाख अतिरिक्त कार्ड जारी किए, जिससे कुल कार्ड की संख्या बढ़कर लगभग 11 लाख हो गई। बैंक ने प्रीमियम श्रेणी में पीएनबी मेटल क्रेडिट कार्ड ‘लक्सुरा’ भी पेश किया है, जिसके अबतक 27,140 ग्राहक बन चुके हैं। पीएनबी का लक्ष्य मार्च, 2027 तक कुल क्रेडिट कार्ड की संख्या 13 लाख से अधिक और प्रीमियम कार्डधारकों की संख्या कम से कम 30,000 तक पहुंचाने का है।

बैंक को उम्मीद है कि अगले वित्त वर्ष से क्रेडिट कार्ड कारोबार हर तिमाही करीब 200 करोड़ रुपये का मुनाफा देने लगेगा। आपूर्ति श्रृंखला वित्तपोषण को बढ़ावा देने के लिए भी पीएनबी ने एंड-टू-एंड डिजिटल मंच तैयार किया है। इसके तहत डीलर और विक्रेताओं को वित्तपोषण की सुविधा दी जा रही है।

इस कारोबार की शुरुआत के महज नौ महीनों में बैंक करीब 7,800 करोड़ रुपये के ऋण प्रस्तावों को मंजूरी दे चुका है। वहीं, इस क्षेत्र में उसका बकाया पोर्टफोलियो लगभग 5,200 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। नकदी प्रबंधन सेवा कारोबार फिलहाल बैंक को प्रत्येक तिमाही करीब 130-140 करोड़ रुपये का मुनाफा दे रही है।

बैंक का लक्ष्य अगले वित्त वर्ष की पहली तिमाही से इस कारोबार का मुनाफा बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये प्रति तिमाही करना है। चंद्रा ने कहा कि क्रेडिट कार्ड, आपूर्ति श्रृंखला वित्तपोषण और नकदी प्रबंधन ऐसे तीन क्षेत्र हैं, जिन पर बैंक आने वाले समय में विशेष ध्यान देगा। इन पहल से बैंक की शुल्क आधारित आमदनी को बढ़ावा मिलेगा।

डिजिटल कारोबार के विस्तार के साथ पीएनबी परिचालन लागत कम करने पर भी जोर दे रहा है। बैंक ने चालू वित्त वर्ष में लागत-आय अनुपात को 50 प्रतिशत से नीचे लाने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद वर्ष 2028-29 तक इसे घटाकर करीब 45 प्रतिशत पर लाने की योजना है।

बैंक का लागत-आय अनुपात चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में 50.38 प्रतिशत रहा। बैंक लगातार खर्चों को तर्कसंगत बनाने और परिचालन दक्षता बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है। चंद्रा ने बताया कि बैंक की समीक्षा बैठकों में अब जमा की लागत, अग्रिम पर मिलने वाला प्रतिफल, शुल्क आधारित आय और परिचालन खर्चों में कटौती जैसे विषयों पर विशेष चर्चा की जाती है।

बैंक का मानना है कि खर्चों को नियंत्रित करने और डिजिटल कारोबार से आय बढ़ाने के जरिये लाभप्रदता में और सुधार किया जा सकता है।

प्रमुख खबरें

बिना आईडी देखे नाबालिग को दिया कमरा, फिर हुई दरिंदगी! प्रशासन ने अब होमस्टे पर जड़ा ताला

Bay of Bengal में गहराया दबाव, 17 नवंबर तक भीषण Cyclone बनने की चेतावनी

Sonakshi Sinha Morphed Photo: नियमों की अनदेखी पर Court ने आरोपी को किया रिहा

New Zealand के खिलाफ पांचवें वनडे में 209 रन पर सिमटी Team India