By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 01, 2026
सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के ‘करेंसी चेस्ट’ में असली नोटों की जगह नकली नोट रखे जाने का मामला सामने आया है और यहां कथित रूप से करीब 7.40 करोड़ रुपये अंकित मूल्य के नकली नोट मिले हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नकली नोट से जुड़े कथित गिरोह के सिलसिले में सदर बाजार पुलिस थाने में तीन बैंक अधिकारियों सहित चार लोगों के खिलाफ सोमवार को मामला दर्ज किया गया।
एसएसपी ने कहा, ‘‘बैंक की ऑडिट टीम द्वारा नोटों की गिनती और मिलान का काम अभी जारी है। बैंक की ओर से अंतिम आंकड़े उपलब्ध कराए जाने के बाद सटीक राशि का पता चल सकेगा।’’ अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब ‘करेंसी चेस्ट’ से बैंक के मुख्यालय भेजी गई नकदी की गिनती के दौरान 4.3 लाख रुपये कम पाए गए। शुरुआत में इसकी सूचना पीएनबी की मेरठ शाखा को दी गई, जिसके बाद मामले की जांच के लिए चौबे को सहारनपुर भेजा गया।
जांच के दौरान ‘करेंसी चेस्ट’ के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की गई, जिसमें अंशकालिक कर्मचारी विशाल कुमार कथित तौर पर नोटों के बंडलों से नकदी निकालते हुए दिखाई दिया। बाद में, विशाल कुमार के खिलाफ चोरी का एक अलग मामला दर्ज किया गया। बैंक ने इसके बाद ‘करेंसी चेस्ट’ का ऑडिट शुरू किया, जिसमें कथित तौर पर कई अनियमितताएं सामने आईं।
ऑडिट के दौरान करीब 7.40 करोड़ रुपये अंकित मूल्य के संदिग्ध नकली नोट भी पाए गए। अधिकारियों ने कहा कि ‘करेंसी चेस्ट’ से जुड़े तीन वरिष्ठ अधिकारी भी इन अनियमितताओं के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने कहा कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई के साथ जांच भी जारी है।
मामले में पुलिस एवं बैंक अपने-अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं।